शिक्षा और रोजगार
Navraj Hockey: संतनगर के नवराज ने दमदार प्रदर्शन के बल पर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में हरियाणा को दिलाया स्वर्ण
फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ पेनल्टी कॉर्नर पर दागा अहम गोल, हरियाणा ने 2-1 से दर्ज की जीत, गांव में जश्न का माहौल
खारियां, (सच कहूँ/सुनील कुमार)। झांसी में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप-2026 में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खिताबी मुकाबले में सरसा जिले के गांव संतनगर निवासी नवराज सिंह ने अहम गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हरियाणा ने फाइनल में मध्य प्रदेश को 2-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। नवराज की इस उपलब्धि से गांव संतनगर में खुशी की लहर है।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मैच के 21वें मिनट में नवराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर हरियाणा को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद हरियाणा के खिलाड़ियों ने आक्रामक और रक्षात्मक खेल का शानदार तालमेल दिखाया। टीम ने एक और गोल दागकर 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। हरियाणा की टीम ने खिताबी सफर में भी दमदार खेल दिखाया। सेमीफाइनल में पंजाब को शूटआउट में 4-2 से हराया। निर्धारित समय तक मुकाबला 3-3 से बराबर रहा था। वहीं, क्वार्टर फाइनल में चंडीगढ़ को 5-1 से शिकस्त देकर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। चैंपियनशिप के समापन पर विजेता टीम को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया।
कोच संदीप सांगवान के मार्गदर्शन में तीसरी बार राष्ट्रीय खिताब
द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता एवं मुख्य कोच संदीप सांगवान के मार्गदर्शन में हरियाणा की टीम ने तीसरी बार सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीता है। इससे पहले टीम वर्ष 2011 और 2022 में भी यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है।
नवराज की उपलब्धि पर ग्रामीणों ने जताई खुशी
नवराज सिंह के शानदार प्रदर्शन और हरियाणा की जीत पर गांव की सरपंच प्रीतइंद्र कौर, प्रतिनिधि दल सिंह, हॉकी कोच हरविंदर सिंह, ओलंपियन हरविंदर सिंह सोनी, बलजीत सिंह, चांदनी सेन और गतका कोच संपत सिंह ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। नामधारी स्पोर्ट्स अकादमी संतनगर और सतगुरु प्रताप सिंह हॉकी स्टेडियम जीवन नगर के कोचों व खिलाड़ियों सहित ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने भी नवराज की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

Comments