शिक्षा और रोजगार
Alisher Road Accident: पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे कैबिनेट मंत्री गोयल, जाना कुशेलक्षेम
मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, बेघर और जरूरतमंद परिवारों को 5-5 मरले के प्लॉट उपलब्ध करवाने के प्रयास
लहरागागा, सच कहूँ/नैंसी लहरागागा। Lehragaga News: पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिन्द्र कुमार गोयल ने गाँव अलीशेर के निकट हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों और घायलों के घर पहुंचकर उनके परिजनों के साथ दुख साझा किया। उन्होंने घर-घर जाकर घायलों का हालचाल पूछा और परिवारों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी और करीब 12 लोग घायल हुए थे। कैबिनेट मंत्री ने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर उनकी परेशानियों और जरूरतों के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि परिवारों को इस सदमे से उबारने और उनके पुनर्वास के लिए सरकार की ओर से हर संभव प्रयास किया जाएगा।
गोयल ने कहा कि यह हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दिल दहला देने वाला था। अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले परिवारों के दुख को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। दिवंगत लोगों की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन प्रभावित परिवारों को सहारा देना और उनकी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद करना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही बेघर और जरूरतमंद पीड़ित परिवारों को 5-5 मरले के प्लॉट उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को जरूरी इलाज और उचित सहायता उपलब्ध करवाना भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के स्थायी पुनर्वास, आजीविका और बच्चों के पालन-पोषण से जुड़ी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के साथ तालमेल किया जा रहा है।

Comments