नवाब खान उर्फ दोदा हत्या मामले में तीन काबू 

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के संबंध में जानकारी देते पुलिस अधिकारी

Published On

पटियाला, सच कहूँ/नरेन्द्र सिंह बठोई। Patiala News: पटियाला पुलिस ने नवाब खान उर्फ दोदा हत्याकांड को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरसेवक सिंह उर्फ सेबी और जगजीत सिंह उर्फ जग्गा, निवासी गांव चरासों, थाना सदर पटियाला, तथा सहजवीर सिंह उर्फ सहज वड़ैच, निवासी गांव ननानसू, थाना सदर पटियाला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को 25 अक्तूबर को थाना पसियाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जानकारी देते हुए एसएसपी हरमनदीप सिंह हांस ने बताया कि 23 अक्तूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे डकाला निवासी नवाब खान उर्फ दोदा अपने मोटरसाइकिल पर घरेलू काम के लिए निकला था।

जब वह अनाज मंडी के पास स्थित पेट्रोल पंप से मोटरसाइकिल में तेल भरवाने के बाद डकाला की ओर जाने लगा, तो काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी में सवार आरोपियों ने कथित तौर पर उसके मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने नवाब खान उर्फ दोदा पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे घायल कर दिया और कथित तौर पर उसे स्कार्पियो गाड़ी में डालकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने उसका शव गांव कालाझाड़ के पास टोल प्लाजा से आगे एक गंदे नाले में फेंक दिया था। इस संबंध में थाना पसियाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। 

विदेश में रह रही युवती को परेशान करने की रंजिश

पुलिस द्वारा बताए गए शुरूआती कारणों के अनुसार, नवाब खान उर्फ दोदा के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े और एक युवती को परेशान करने के दो मामले दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, वह 15 अप्रैल 2023 को जेल से बाहर आया था। जिस युवती को परेशान करने का आरोप था, वह विदेश चली गई थी, लेकिन कथित तौर पर पिछले छह महीनों से नवाब खान उसे दोबारा परेशान कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, युवती ने इस संबंध में अपने भाई सहजवीर सिंह उर्फ सहज वड़ैच को बताया था। सहजवीर ने नवाब खान को अपनी बहन को परेशान न करने के लिए कहा था, लेकिन कथित तौर पर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते सहजवीर ने अपने साथियों गुरसेवक सिंह और जगजीत सिंह के साथ मिलकर नवाब खान की रेकी की और फिर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts