भाई-बहन पर जानलेवा हमले के पांच आरोपी गिरफ्तार, जेल रवाना
विगत सोमवार को कस्बे के इस्सापुर खुरगान रोड पर सरफराज और उसकी बहन पर हमले का मामला, सात नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ है मुकदमा
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana Crime News: एक दिन पूर्व कस्बे के इस्सापुर खुरगान मार्ग पर युवक और उसकी बहन के साथ गाली-गलौज, मारपीट व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में सात नामजद समेत कई अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
कस्बे के मोहल्ला खैलकलां खुरगान रोड निवासी रेशमा ने कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि विगत सोमवार की शाम उसके पति सरफराज और ननद के साथ में कई लोगो ने एक राय होकर गाली-गलौज व मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला भी किया। एसपी शामली एनपी सिंह ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। मंगलवार को क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में खादर क्षेत्र के गांव इस्सापुर खुरगान निवासी मुकरीम व शाहरुख तथा गांव मलकपुर निवासी अभिनंदन, अहसान और फुरकान शामिल हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल एकता नागर, रवि कुमार और कांस्टेबल हरेन्द्र शर्मा शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।