मतदाता सूची से वंचित न रहने पाए किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम: शिवाजी यादव
तहसील मुख्यालय पर स्थित सभागार कक्ष में पर्यवेक्षकों व बूथ लेवल अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु तहसील मुख्यालय पर स्थित सभागार कक्ष में कैराना विधानसभा के पर्यवेक्षकों व बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से वंचित नही रहना चाहिए।
एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने बताया कि कैराना विधानसभा-08 में कुल 372 बूथ शामिल है। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दृष्टिगत बुधवार को तहसील मुख्यालय पर पर्यवेक्षकों व बूथ लेवल अधिकारियों के पहले बैच को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया, जिसमें 136 लोग शामिल रहे। शेष पर्यवेक्षकों व बीएलओ को 15 व 16 अक्टूबर को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के पश्चात पहली बार 17 व 24 अक्टूबर को विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे। जहां पर प्रातः दस बजे से शाम चार बजे तक बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। इस दौरान 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके उन सभी व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे, जिनका अभी तक वोट नही बना है। ऐसे लोगो का फॉर्म-06 भरा जाएगा।
बूथ लेवल अधिकारी के द्वारा अपने क्षेत्र में एक सप्ताह में कम से कम 20-25 निर्वाचकों से सम्पर्क किया जाएगा, जिससे यह कार्य शीघ्र पूरा हो सके। उन्होंने बताया कि बीएलओ के द्वारा अनुपस्थित, स्थानान्तरित, मृतक और डुप्लीकेट निर्वाचकों की सूची तैयार की गई है। ऐसे मतदाताओं को सूची में उनके नाम सम्मिलित न होने के कारणों को भी बताया जाएगा। मतदाताओं की पुनः जांच करके पात्र निर्वाचकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज किये जायेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार अर्जुन चौहान भी मौजूद रहे।