Kairana Theft News: शेखूपुरा के जंगल से दस खंभों के तार काट ले गए चोर

तार चोरी की घटना से विद्युत विभाग व पुलिस महकमें में मचा हड़कंप

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Theft News: अज्ञात चोरों ने शेखूपुरा के जंगल में धावा बोलकर हाईटेंशन(एचटी) व लो टेंशन(एलटी) विद्युत लाइन के दस खम्भों से तार चोरी कर लिए है। चोरी किये गए तार दो हजार मीटर के करीब बताए गए है। विद्युत लाइन के तार चोरी होने से सात नलकूपों की आपूर्ति ठप्प हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव शेखूपुरा निवासी मनोज, सतीश, विश्वास, विनोद, सोमवीर, सलेख व अजय आदि किसानों के खेत गांव कसेरवा खुर्द की ओर जाने वाले पुराने रास्ते पर स्थित है। गुरुवार रात्रि अज्ञात चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए इन किसानों के नलकूपों पर विद्युत सप्लाई के लिए स्थापित की गई एचटी व एलटी लाइन के तार चोरी कर लिये। चोरों ने दस खंभों से विद्युत तार चोरी किये है, जिनमें एक पोल हाईटेंशन तथा नौ पोल लो टेंशन लाइन के है। किसानों को शुक्रवार प्रातः अपने खेतों पर पहुंचने पर तार चोरी होने की घटना का पता चला। इसके पश्चात किसानों में आक्रोश फैल गया। मामले की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिस पर क्षेत्र में तैनात पुलिस रिस्पांस व्हीकल(पीआरवी) पर कार्यरत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और किसानों से घटना की जानकारी ली।

उन्होंने आदर्शमण्डी थाना पुलिस को भी मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने पर बीट के सिपाही मोहम्मद इसरार आदि ने भी मौके पर पहुंचकर चोरी की घटना की जानकारी जुटाई। लाइन के तार चोरी होने से सात नलकूपों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। चोरी किये गए तार करीब दो हजार मीटर है, जिनका अनुमानित वजन करीब पौने तीन कुंतल बताया जा रहा है। पीड़ित किसानों ने पुलिस से तार चोरी की घटना का शीघ्र अनावरण करके आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है। वहीं, आदर्शमण्डी थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह का कहना है कि विद्युत तार चोरी होने के सम्बन्ध में कोई तहरीर प्राप्त नही हुई है। लिखित शिकायत प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज करके अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उधर, एसडीओ प्रथम केके दिवाकर का कहना है कि विद्युत लाइन से तार चोरी होने की घटना के सम्बन्ध में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

विद्युत लाइन से तार चोरी कर पुलिस को दी खुली चुनौती

शेखूपुरा के जंगल में एचटी व एलटी लाइन से विद्युत तार चोरी होने की घटना से किसानों में आक्रोश व्याप्त है। चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दस खम्भों से तार चोरी करके पुलिस को खुली चुनौती दी है। हालांकि इसी वर्ष विगत 03 मई को बाबरी पुलिस व सर्विलांस टीम ने हाई वोल्टेज लाइन से विद्युत तार चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दस शातिर चोरों को गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से 23 बंडल विद्युत तार बरामद हुए थे। पकड़े गए आरोपी दिल्ली व यूपी के जनपद बुलंदशहर के रहने वाले थे। शेखूपुरा की घटना के पीछे भी किसी शातिर चोर गिरोह के होने की संभावना प्रतीत होती है।

About The Author

Related Posts