कण्डेला पहुंचे एसडीएम शिवाजी यादव, एसएसआर कार्यों का किया निरीक्षण
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत रविवार को तहसील क्षेत्र में लगाए गए स्पेशल कैम्प, एसडीएम ने बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों से जानी निर्वाचन कार्यों की प्रगति
कैराना। Kairana News: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में रविवार को एसडीएम शिवाजी यादव ने कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला में पहुंचकर चौधरी मानसिंह राजकीय इंटर कॉलेज परिसर स्थित मतदान केंद्र पर चल रहे निर्वाचन कार्यों का निरीक्षण किया। यहां लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के लिए बूथ संख्या 351, 352 और 353 निर्धारित हैं। एसडीएम ने मौके पर मौजूद बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों से अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने निर्वाचन संबंधी अभिलेखों एवं कार्यों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके। एसडीएम ने गांव शेखूपुरा में लगाए गए विशेष शिविर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पर्यवेक्षक विजय शर्मा, बीएलओ प्रदीप कुमार, बिजेंद्र कुमार, वीका मलिक तथा जनगणना पर्यवेक्षक एवं लेखपाल अनुराग पंवार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
वोट बनवाकर लोकतंत्र की मजबूती में भागीदारी सुनिश्चित करें युवा: एसडीएम
एसडीएम शिवाजी यादव ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा, जिन्होंने 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे अपना वोट अवश्य बनवाएं और लोकतंत्र की मजबूती में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान का लाभ उठाते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का आह्वान किया।
एसडीएम ने कहा कि युवा वर्ग लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सभी पात्र युवा जागरूक होकर अपना पंजीकरण कराएं, ताकि आगामी चुनावों में वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। वहीं, तहसीलदार अमन कुमार ने भी गांव झाड़खेड़ी सहित क्षेत्र के अन्य गांवों में पहुंचकर एसएसआर अभियान के तहत लगाए गए शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में चल रहे निर्वाचन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण से निर्वाचन कार्यों में लगे कर्मचारियों में सक्रियता बनी हुई है।
पात्र युवाओं के पंजीकरण के लिए भरे गए फॉर्म, संशोधन के आवेदन भी लिए
रविवार को आयोजित विशेष अभियान दिवस के दौरान तहसील क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर बीएलओ ने प्रारूप मतदाता सूची के माध्यम से नागरिकों के नामों का सत्यापन किया। जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं थे, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर नए पंजीकरण के आवेदन प्राप्त किए गए। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा अपात्र एवं मृतक मतदाताओं के नाम हटाने और नामों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के आवेदन प्राप्त किए गए। शिविरों में विशेष रूप से युवाओं एवं महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया गया।
Comments