School Exam News: सात ब्लॉकों के प्रश्न पत्रों का वितरण, 24 घंटे रहेगी कड़ी निगरानी

25 नवम्बर से शुरू होंगी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, जिले के 1.03 लाख विद्यार्थी देंगे परीक्षा

Published On

Half Yearly Exams 2026: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जिले में कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 25 नवम्बर से शुरू होकर 12 दिसम्बर तक आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं में जिले के कुल 1 लाख 3 हजार 595 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियों के तहत शनिवार को राज्य स्तरीय समिति की ओर से भेजे गए प्रश्न पत्रों का ब्लॉकवार वितरण किया गया। प्रश्न पत्रों का वितरण जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया गया। इस दौरान जिले के सभी सात ब्लॉकों के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को प्रश्न पत्र उपलब्ध करवाए गए।

यहां से मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अपने-अपने पीईईओ और यूसीईओ को प्रश्न पत्र सुपुर्द करेंगे। इसके बाद प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखने के लिए संबंधित थानों, पुलिस चौकियों अथवा निर्धारित विद्यालयों में रखवाया जाएगा। प्रश्न पत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है।

परीक्षा के प्रतिदिन पीईईओ अथवा यूसीईओ निर्धारित अलमारी से प्रश्न पत्र निकालेंगे और संबंधित अधीनस्थ विद्यालयों को परीक्षा शुरू होने से अधिकतम 30 मिनट पहले प्रश्न पत्र उपलब्ध करवाएंगे। जिला स्तरीय समान परीक्षा समिति के संयोजक कुलविन्द्र सिंह ने बताया कि अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रश्न पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षाएं व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो सकें।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts