NDA Cadet News: 6 किलोमीटर का रात्रि मार्च करेंगे एनडीए कैडेट्स
गुड डे डिफेंस एकेडमी में 'ऑपरेशन विजेता' आज शाम
Operation Vijeta Night Stride: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। एनडीए की तैयारी कर रहे युवाओं को सैन्य जीवन की चुनौतियों से रूबरू करवाने और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से गुड डे डिफेंस एकेडमी (जीडीडीए) की ओर से 21 नवम्बर को विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 'ऑपरेशन विजेता-नाइट स्ट्राइड (रात्रि विजय अभियान)' आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत कैडेट्स लगभग 6 किलोमीटर का रात्रि मार्च करेंगे।
कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक चलेगा। आयोजन के दौरान कैडेट्स को अलग-अलग समूहों में विभाजित कर निर्धारित मार्ग पर रात्रि मार्च करवाया जाएगा। इसका उद्देश्य उनमें शारीरिक सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने की क्षमता विकसित करना है। मार्च के दौरान विभिन्न पड़ावों पर जलपान, अल्पाहार और रात्रिभोज की व्यवस्था भी रहेगी। इसके साथ मनोरंजक एवं सामूहिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कैडेट्स की सुरक्षा के लिए चिकित्सा सहायता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और निगरानी के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
संस्था के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक सैन्य प्रशिक्षण भी बेहद जरूरी है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को चुनौतियों का सामना करने, अनुशासन में रहने और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। एकेडमी का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर देश सेवा के लिए सक्षम और जिम्मेदार अधिकारी बनाया जाए। एकेडमी के निदेशक डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि एनडीए की तैयारी केवल लिखित परीक्षा और एसएसबी साक्षात्कार तक सीमित नहीं है। भावी अधिकारी बनने के लिए शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती, अनुशासन, नेतृत्व कौशल और विषम परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता भी आवश्यक है।
'ऑपरेशन विजेता' जैसे कार्यक्रम कैडेट्स को नियमित प्रशिक्षण से अलग वास्तविक चुनौतियों का अनुभव करवाते हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले विंग कमांडर जीडी शर्मा ने कहा कि सैन्य जीवन में अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, टीम भावना और दृढ़ संकल्प का विशेष महत्व है। ऐसे अभियान युवाओं को एक-दूसरे का सहयोग करने, चुनौतियों का सामना करने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना सिखाते हैं।
उन्होंने कैडेट्स से पूरे उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अभियान में हिस्सा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक गतिविधियों, मनोरंजन, रात्रिभोज और प्रेरणादायक संदेशों के साथ होगा। एकेडमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को एनडीए परीक्षा में सफलता दिलाने के साथ-साथ उनमें जिम्मेदार, अनुशासित, आत्मविश्वासी और सक्षम भावी सैन्य अधिकारी के गुण विकसित करना है।
Comments