Rajasthan Panchayat Election Results: राजस्थान में ग्रामीण सत्ता की जंग का फैसला आज, मतगणना जारी

पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा-कांग्रेस की साख दांव पर

Published On

जयपुर, 20 नवंबर (सच कहूँ ब्यूरो)। राजस्थान में पंचायत चुनावों की मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गई। इन चुनावों के परिणामों पर प्रदेश की सियासत की नजरें टिकी हैं। 37 जिलों में जिला परिषद के 1,275 वार्डों के लिए कुल 4,069 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। मतगणना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय निकायों की कमान किसके हाथ में जाएगी, इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी। हालांकि, बारां, कोटा, करौली और श्रीगंगानगर जिला परिषदों के अलावा 38 पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों के लिए 17 दिसंबर को मतगणना निर्धारित की गई है।

भाजपा और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई

पंचायत चुनाव के नतीजे सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस, दोनों के लिए अहम माने जा रहे हैं। भाजपा इन परिणामों के जरिए प्रदेश सरकार के कामकाज और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन की स्थिति का आकलन कर सकेगी। दूसरी ओर, कांग्रेस के सामने अपने ग्रामीण जनाधार को मजबूत साबित करने की चुनौती है।

ईवीएम के माध्यम से मतगणना होने के कारण दोपहर तक कई सीटों के परिणाम सामने आने की उम्मीद है। परिणाम घोषित होते ही जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के पदों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इन पदों पर जीत हासिल करने के लिए विभिन्न दलों द्वारा अपने समर्थक प्रत्याशियों को एकजुट करने की कोशिशें भी शुरू होंगी।

दिग्गज नेताओं के परिवारों की भी प्रतिष्ठा दांव पर

इस बार पंचायत चुनाव केवल स्थानीय प्रतिनिधियों के चयन तक सीमित नहीं हैं। प्रदेश के कई प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों के सदस्य भी चुनावी मैदान में उतरे हैं। इनमें मंत्रियों के परिवारों के सदस्य, सांसदों और विधायकों के रिश्तेदार शामिल हैं। ऐसे में चुनाव परिणामों का असर इन परिवारों की स्थानीय राजनीतिक पकड़ पर भी पड़ सकता है। जीतने वाले उम्मीदवारों की राजनीतिक सक्रियता और भविष्य में बड़े चुनावों में उनकी दावेदारी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो सकती हैं।

भजनलाल सरकार और कांग्रेस नेतृत्व की होगी परीक्षा

अगले विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले हो रहे इन पंचायत चुनावों को ग्रामीण राजनीति का महत्वपूर्ण संकेतक माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के सामने ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की मजबूती साबित करने की चुनौती है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के लिए भी ये नतीजे संगठन की सक्रियता और विपक्ष की राजनीतिक ताकत का आकलन करने का अवसर होंगे। कुल मिलाकर पंचायत चुनाव के परिणाम राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में नए समीकरण बना सकते हैं। जिला परिषद और पंचायत समितियों में किस दल का प्रभाव बढ़ता है, इसका असर आने वाले समय में प्रदेश की राजनीतिक रणनीतियों पर भी दिखाई दे सकता है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts