Rotary District News: ‘आइकॉन्स ऑफ जयपुर’ में पाँच हस्तियों का होगा सम्मान
22 को होगा रोटरी का पब्लिक इमेज सेमिनार
Rotary District 3056 Public Image Seminar: जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3056 गवर्नर अरुण बगड़िया 22 नवंबर को होटल क्लार्क्स आमेर, जयपुर में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3056 के पब्लिक इमेज सेमिनार का शुभारंभ करेंगे। वे रोटरी की सार्वजनिक छवि को लेकर डिस्ट्रिक्ट की प्राथमिकताएँ रखेंगे। सेमिनार की मेजबानी रोटरी क्लब जयपुर अशोक करेगा। पंजीकरण सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। सेमिनार के ‘आइकॉन्स ऑफ जयपुर’ (Icons of Jaipur) सत्र में रत्न-जवाहरात, होटल उद्योग, कालीन बुनाई, वित्त और डिज़ाइन के क्षेत्र की पाँच हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं डिस्ट्रिक्ट मेंटर अजय काला पाँचों अतिथियों से उनके शुरुआती संघर्षों, उनके काम की दिशा बदलने वाले फैसलों और उनके योगदान से समाज में आए बदलावों पर संवाद करेंगे।
सम्मानित होने वालों में केजीके समूह के चेयरमैन नवरत्न कोठारी शामिल हैं, जिन्होंने जयपुर के रत्न कारोबार को अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों तक पहुँचाया। होटल उद्यमी हरि मोहन डंगायच ने पन्ने के कारोबार से शुरुआत की। जयपुर रग्स के संस्थापक नंद किशोर चौधरी ने 1978 में दो करघों और नौ कारीगरों से काम शुरू किया। एसके फाइनेंस के राजेंद्र सेतिया ने छोटे कारोबारियों और वाहन से आजीविका कमाने वालों तक ऋण की पहुँच बढ़ाई। डिज़ाइनर आयुष कासलीवाल ने भारतीय शिल्प को समकालीन डिज़ाइन में जगह दी।
Comments