Bikaner Railway News: संरक्षित रेल संचालन सभी रेलकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी: ADRM राजेन्द्र सिंह चौधरी
लाहली, भिवानी सिटी, भिवानी एवं झाड़ली स्टेशनों का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बीकानेर (सच कहूँ ब्यूरो)। बीकानेर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौधरी (ADRM Rajendra Singh Chaudhary) ने शुक्रवार को लाहली, भिवानी सिटी, भिवानी एवं झाड़ली रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसरों, परिचालन व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार एवं यात्री सुविधाओं के बेहतर रखरखाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लाहली स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत लाहली रेलवे स्टेशन से हुई। यहां अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन परिसर एवं उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई, रखरखाव एवं यात्री सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात अपर मंडल रेल प्रबंधक ने भिवानी सिटी स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं स्टेशन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
भिवानी स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूरा, हेरिटेज लुक बना आकर्षण
इसके बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक ने भिवानी रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 16.53 करोड़ रुपये की लागत से किए गए पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि स्टेशन का पुनर्विकास कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। स्टेशन को आकर्षक हेरिटेज लुक प्रदान किया गया है, जिससे स्टेशन की सुंदरता में वृद्धि के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।
उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, पैनल रूम, स्टेशन कक्ष, खिड़कियों एवं वेटिंग रूम सहित विभिन्न यात्री सुविधा स्थलों का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त फुट ओवर ब्रिज का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं के बेहतर रखरखाव एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भिवानी स्टेशन पर रेलकर्मियों के साथ किया संरक्षा संवाद
भिवानी स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में संरक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, पॉइंट्समैन, शंटर एवं अन्य रनिंग स्टाफ के रेलकर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से सीधा संवाद कर संरक्षित रेल संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेल संचालन में संरक्षा सर्वोपरि है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक रेलकर्मी को अपनी ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं सजगता बरतनी चाहिए।
उन्होंने SPAD (Signal Passed at Danger) अर्थात खतरे का संकेत देने वाले सिग्नल को किसी भी परिस्थिति में पार नहीं करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सिग्नल की स्थिति का सही अवलोकन करना तथा निर्धारित संरक्षा नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करना प्रत्येक रेलकर्मी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने ऑटोमेटिक सिग्नलिंग क्षेत्र में ट्रेन संचालन के दौरान विशेष सावधानी बरतने, निर्धारित गति एवं परिचालन नियमों का पालन करने तथा किसी भी परिस्थिति में संरक्षा से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक ने रेलकर्मियों से उनकी कार्य संबंधी समस्याओं एवं सुझावों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
झाड़ली स्टेशन पर भी किया निरीक्षण
दौरे के अंतिम चरण में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने झाड़ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर एवं उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को स्टेशन की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं रखरखाव को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) रणसिंह गोदारा सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments