CM Sharma Latest News: सीएम भजनलाल शर्मा ने पुराने साथियों से मिलकर चाय-जूस के साथ साझा की पुरानी यादें

युवाओं की नौकरी और सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर भी बोले सीएम

Published On

Bhajanlal Sharma Jawahar Circle Jaipur: जयपुर (सच कहूँ ब्यूरो)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार सुबह जयपुर के जवाहर सर्किल पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहे। यहां मुख्यमंत्री ने अपने पुराने मॉर्निंग वॉक साथियों से मुलाकात की। दीपावली के बाद मित्रों के बीच पहुंचे भजनलाल शर्मा ने उनके साथ कुछ समय बिताया। इस दौरान चाय और जूस के साथ बातचीत हुई और पुराने दिनों की यादें भी साझा की गईं।मुख्यमंत्री ने बताया कि जवाहर सर्किल उनके लिए कोई नया स्थान नहीं है। पहले वे यहां नियमित रूप से सुबह की सैर करने आते थे। उन्होंने सभी मित्रों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

स्वच्छ राजस्थान बनाने के लिए जनता से मांगा सहयोग

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई को लेकर आम लोगों की जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन का काम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी जरूरी है। कहीं कचरा या गंदगी नजर आए तो संबंधित अधिकारियों तक इसकी जानकारी पहुंचानी चाहिए, ताकि समय रहते सफाई कराई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की जरूरत है। राज्य सरकार का उद्देश्य राजस्थान में ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करना है, जिससे आम नागरिकों को सुविधाजनक माहौल मिल सके।

प्रदेश में पंचायत राज चुनाव के अंतिम चरण का मतदान चल रहा है। इस चरण में 25 जिलों की जिला परिषदों और पंचायत समितियों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने चुनावी प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार 'वन स्टेट, वन इलेक्शन' की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में पहले नगरीय निकायों के चुनाव कराए गए और अब पंचायत स्तर पर निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

15 दिसंबर को सामने आएगा सरकार का तीन साल का लेखा-जोखा

भजनलाल शर्मा ने बताया कि 15 दिसंबर को राज्य सरकार के कार्यकाल के तीन साल पूरे होंगे। इस मौके पर सरकार अपनी उपलब्धियों और अब तक किए गए कामों का विवरण जनता के सामने रखेगी। इसके साथ ही राजस्थान को विकास के अगले चरण में ले जाने के लिए तैयार की गई योजनाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं की जानकारी भी साझा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के केंद्र में किसान, श्रमिक, पशुपालक, महिलाएं और युवा हैं। रोजगार के नए अवसर तैयार करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 410 से अधिक भर्ती परीक्षाएं कराई जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इन परीक्षाओं में पेपर लीक की कोई घटना सामने नहीं आई है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के युवाओं में क्षमता और मेहनत की कमी नहीं है। उन्हें अपनी योग्यता साबित करने के लिए सही अवसर मिलना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन और उचित मंच उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे अपनी उपलब्धियों से राज्य और देश का गौरव बढ़ा सकें।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts