दीपावली पर सरकार का ऐलान: बिजली सब्सिडी छोड़ने के लिए 1 दिसंबर से चलेगा विशेष अभियान, मुख्यमंत्री ने की अपील

बिजली सब्सिडी छोड़ने के लिए बिहार सरकार 1 दिसंबर से चलाएगी विशेष अभियान: सम्राट चौधरी

Published On

पटना, एजेंसी। Electricity Subsidy News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली के अवसर पर 1 दिसंबर से बिजली सब्सिडी को लेकर विशेष अभियान चलाने का ऐलान किया है। इसके तहत संपन्न परिवारों से स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी का लाभ छोड़ने और जरूरतमंद परिवारों के लिए योगदान देने की अपील की जाएगी।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह गैस कनेक्शन के मामले में लोगों से स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ने का आग्रह किया था, उसी तरह बिजली सब्सिडी के मामले में भी लोगों से आगे आने की अपील की जाएगी। जो लोग योगदान देंगे, उन्हें दाता के तौर पर माना जाएगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को दीपावली के मौके पर पटना के दीघा-आशियाना रोड स्थित एक दलित बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने दलित, आदिवासी और पिछड़े समाज के परिवारों के साथ दीपावली मनाई और उनके बीच खुशियां बांटी। इस दौरान उन्होंने उपहार भी दिया।

इस दौरान सम्राट चौधरी ने बिहारवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार समृद्धि के रास्ते पर और मजबूती के साथ आगे बढ़े, यही उनकी कामना है। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे बिहार में सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे दलित, आदिवासी और अति पिछड़े समाज के परिवारों के बीच जाकर दीपावली मनाएं और उनके सुख-दुख में शामिल हों। पर्व सबके लिए होना चाहिए और कोई भी इससे वंचित नहीं रहना चाहिए। इसी उद्देश्य से वह स्वयं भी बस्ती में पहुंचे हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में करीब एक करोड़ 92 लाख परिवारों को, चाहे वे अमीर हों या गरीब, 125 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में संभव हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली सब्सिडी के संबंध में लोगों से स्वेच्छा से सहयोग का आग्रह किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर भी खुशी जताई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार आने का आग्रह किया गया है। बिहार में एनडीए सरकार पूरी एकजुटता के साथ काम कर रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व और उनके साथ मिलकर सरकार प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के बिहार आगमन पर प्रदेश को कई बड़ी सौगातें मिल सकती हैं।

इस दौरान कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। बिहार में निवेश करने के इच्छुक विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इससे राज्य में औद्योगिक विकास और निवेश को नई गति मिलेगी।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts