अफ्रीका से पहली बार गैंगस्टर का प्रत्यर्पण,पंजाब पुलिस गुरविंदर अफरीदी को इथियोपिया से भारत लाई

अफ्रीका से पहली बार गैंगस्टर का प्रत्यर्पण,पंजाब पुलिस गुरविंदर अफरीदी को इथियोपिया से भारत लाई

Published On

चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Chandigar News: पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से भारत लाने में सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान 'गैंगस्टरां ते वार' के तहत यह कार्रवाई एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने काउंटर इंटेलिजेंस की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से की।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को यहां पुलिस मुख्यालय में बताया कि यह पहली बार है जब पंजाब पुलिस ने किसी अफ्रीकी देश से वांछित गैंगस्टर को भारत लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी डोनी बल-प्रभ दासूवाल गिरोह का प्रमुख सदस्य है और उस पर 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पांच हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर पंजाब सरकार ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। श्री यादव ने बताया कि 'आॅपरेशन शहीद' के तहत करीब 10 महीने तक चले अंतरराष्ट्रीय अभियान में आरोपी की एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के विभिन्न देशों में तलाश की गई। इस दौरान रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाने के साथ इंटरपोल के सात संदर्भ भी जारी किए गए।

कई केंद्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के समन्वय से आरोपी को छह नवंबर को इथियोपिया में हिरासत में लिया गया और बाद में भारत भेज दिया गया। दिल्ली हवाई अड्डे पर पंजाब पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया। उसे पंजाब लाया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक के अनुसार, आरोपी 31 मार्च 2025 को मुंबई हवाई अड्डे से फर्जी पासपोर्ट के आधार पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भाग गया था। उसने गोरखपुर के एक निवासी की पहचान का इस्तेमाल कर लखनऊ से 12 फरवरी 2025 को जारी फर्जी पासपोर्ट हासिल किया था। यूएई में रहने के बाद उसने इस्तांबुल के रास्ते मैक्सिको जाने का प्रयास किया, लेकिन उसे वापस यूएई भेज दिया गया। इसके बाद वह अप्रैल 2026 में केन्या, जून 2026 में अंगोला और नवंबर 2026 में इथियोपिया पहुंचा।

श्री यादव ने बताया कि आरोपी विदेश में रहकर पंजाब में लक्षित हत्याओं, फिरौती के लिए गोलीबारी और संगठित आपराधिक गतिविधियों को कथित तौर पर संचालित कर रहा था। आरोपी पंजाब में पांच चर्चित हत्याओं के मामलों में भी वांछित है। इनमें अक्टूबर 2024 में सरपंच राजविंदर उर्फ राज तलवंडी, मार्च 2025 में 12 वर्षीय गुरसेवक सिंह और विक्की चुग, मई 2025 में जसवंत सिंह तथा सितंबर 2025 में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष गुरमेल सिंह की हत्या के मामले शामिल हैं।

इस मौके पर विशेष पुलिस महानिदेशक एजीटीएफ प्रमोद बान और विशेष पुलिस महानिदेशक काउंटर इंटेलिजेंस अमित प्रसाद भी मौजूद थे। यादव ने अभियान में शामिल एजीटीएफ और ओएफटीईसी टीमों की सराहना करते हुए विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय तथा केंद्रीय खुफिया एवं जांच एजेंसियों के सहयोग के लिए आभार जताया।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts