RBSE Latest News: राजस्थान बोर्ड परीक्षा 2027 में बड़ा बदलाव! बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों को जारी किए ये नए दिशा-निर्देश
अब नई उत्तर पुस्तिकाओं में देनी होगी परीक्षा
Rajasthan Board Exam 2027: श्रीगंगानगर (सच कहूँ ब्यूरो)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2027 की माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के बीच उत्तर पुस्तिकाओं के पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब बोर्ड परीक्षार्थियों को सैद्धांतिक परीक्षाओं में 40 प्रश्नों की कैजिंग वाली नई उत्तर पुस्तिकाओं में ही उत्तर लिखने होंगे। बोर्ड ने इस संबंध में 6 नवंबर को आदेश जारी कर प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों एवं परीक्षा केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
बोर्ड के मुख्य नियंत्रक परीक्षा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर की नई मुख्य उत्तर पुस्तिकाएं तैयार करवाई गई हैं। ये उत्तर पुस्तिकाएं पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित ट्रांसपोर्ट स्टेशनों पर भेजी जाएंगी। प्रवेशिका एवं वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षाओं के लिए भी नई उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन सभी परीक्षाओं में केवल बोर्ड की ओर से भेजी गई नई उत्तर पुस्तिकाओं का ही उपयोग किया जाएगा।
पुरानी उत्तर पुस्तिकाओं का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर पिछले वर्षों की बची हुई सभी मुख्य उत्तर पुस्तिकाएं, चाहे उन पर बारकोड लगा हो या नहीं, किसी भी स्थिति में वर्ष 2027 की परीक्षाओं में उपयोग नहीं ली जा सकेंगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद इन अनुपयोगी रिक्त उत्तर पुस्तिकाओं को 300-300 के पैकेट बनाकर, बोरे पर अनुपयोगी रिक्त उत्तर पुस्तिकाएं अंकित करते हुए उपस्थिति पत्रकों के साथ संग्रहण केंद्र पर जमा करवाना होगा।
अतिरिक्त कॉपी के लिए नहीं बदलेगी व्यवस्था
नई मुख्य उत्तर पुस्तिका पूरी भर जाने पर यदि कोई परीक्षार्थी अतिरिक्त उत्तर पुस्तिका की मांग करता है तो उसे पहले की तरह 8 पृष्ठीय अतिरिक्त उत्तर पुस्तिका उपलब्ध करवाई जा सकेगी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस वर्ष प्राप्त नई मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं में से बची हुई उत्तर पुस्तिकाएं बोर्ड कार्यालय को वापस नहीं भेजनी होंगी। उन्हें स्टॉक रजिस्टर में दर्ज कर अगले वर्ष के उपयोग के लिए सुरक्षित रखना होगा।
इसी प्रकार पिछले वर्ष की बची हुई तथा इस वर्ष प्राप्त 8 पृष्ठीय अतिरिक्त उत्तर पुस्तिकाओं को भी बोर्ड को वापस नहीं लौटाना है। इनका रिकॉर्ड स्टॉक रजिस्टर में दर्ज कर आगामी वर्ष के लिए सुरक्षित रखना होगा।परीक्षा केंद्रों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश बोर्ड के इस आदेश के बाद परीक्षा केंद्रों को उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण, पुराने स्टॉक के निस्तारण और नई उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संधारण को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी होगी। आदेश का उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था में एकरूपता बनाए रखना और उत्तर पुस्तिकाओं के उपयोग एवं रिकॉर्ड संधारण में किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को रोकना है।
नई व्यवस्था की जानकारी परीक्षार्थियों तक समय रहते पहुंचाए बोर्ड
शिक्षक संघ रेसटा, राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि बोर्ड परीक्षा 2027 में उत्तर पुस्तिकाओं का पैटर्न बदलना एक महत्वपूर्ण निर्णय है। 40 प्रश्नों की कैजिंग वाली नई उत्तर पुस्तिकाओं के अनुरूप परीक्षार्थियों को पहले से अभ्यास करवाया जाना चाहिए,ताकि परीक्षा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने बोर्ड से मांग की कि नई उत्तर पुस्तिकाओं का नमूना प्रारूप सार्वजनिक किया जाए तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों को इसकी विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में नई उत्तर पुस्तिकाएं समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। सलावद ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में बदलाव का उद्देश्य विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को सुचारू बनाना होना चाहिए।
Comments