Bhiwani Car Fire: भिवानी में चलती कार में लगी भीषण आग, धू-धू कर जली कार

भिवानी के नेहरू पार्क के सामने कार में लगी भीषण आग, धू-धू कर जली कार

Published On

भिवानी, सच कहूँ/इंद्रवेश। Bhiwani Car Fire: भिवानी शहर में शनिवार को हांसी रोड पर नेहरू पार्क के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक चलती रिट्ज कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार धू-धू कर जलने लगी। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते खतरे को भांप लिया और गाड़ी सडक किनारे खड़ी कर बाहर निकल आया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार कार चालक शुभम अपने ऑफिस से हांसी गेट की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। चालक ने गाड़ी रोककर बोनट खोला तो डैशबोर्ड की तरफ आग की लपटें दिखाई दीं। इसके बाद चालक ने तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर आसपास के लोगों की मदद से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। चालक शुभम ने बताया कि बोनट से धुआं निकलने के बाद जब उसने बोनट खोला तो डैशबोर्ड की तरफ आग दिखाई दी। आसपास के लोगों ने आग बुझाने में काफी मदद की, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। उसके अनुसार दमकल विभाग की गाड़ी आग लगने के बाद मौके पर पहुंची।

घटना की सूचना मिलते ही भिवानी शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की दुकानों से सामान हटवाया और पीछे से आ रहे ट्रैफिक को नियंत्रित किया। शहर थाना प्रभारी जरनैल सिंह ने बताया कि शुरूआती जांच में कार में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है। कार डीजल से चलने वाली थी, सीएनजी नहीं थी। चालक अकेला था और समय रहते गाड़ी साइड में खड़ी कर बाहर निकल गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, केवल वाहन और संपत्ति का नुकसान हुआ है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts