Sirsa News: अलग अलग हादसों में एक ही परिवार की चली गई दो जिंदगियां, टूटा दुखों का पहाड़
हादसे के 37 दिन बाद महिला ने गवाई जान
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। जिले में दो अलग-अलग हादसों में महिला और उसके भतीजे की जान चली गई। ओटू गांव निवासी 51 वर्षीय छिंद्र कौर ने ट्रैक्टर-ट्राली हादसे में घायल होने के 37 दिन बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं नेजाडेलां कलां गांव में मकान निर्माण के दौरान 28 वर्षीय बूटा सिंह की 11 हजार केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों के शव नागरिक अस्पताल सरसा की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
पुलिस सोमवार को पोस्टमार्टम करवाएगी। जानकारी के अनुसार गत 24 सितंबर को ओटू गांव की महिला मजदूर ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर मल्लेकां के पास नरमा चुगाई के लिए जा रही थीं। इसी दौरान एक ट्रक ने ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में छिंद्र कौर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसका डबवाली रोड स्थित निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
मृतका के भाई जंगीर सिंह ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छिंद्र कौर के चार बेटियां और एक बेटा है। उसके पति की चार साल पहले टाइफाइड से मौत हो चुकी है।
सरिया पकड़ाते समय बिजली लाइन की चपेट में आया युवक, मौत
दूसरा हादसा नेजाडेलां कलां गांव में हुआ। यहां 28 वर्षीय बूटा सिंह अपने घर में निर्माण कार्य के दौरान मिस्त्री के साथ काम कर रहा था। मृतक के चाचा जंगीर सिंह ने बताया कि बाजीगर मोहल्ले के ऊपर से 11 हजार केवी की बिजली लाइन गुजरती है। काम के दौरान मिस्त्री को सरिया पकड़ाते समय बूटा सिंह बिजली लाइन की चपेट में आ गया। परिजन उसे तुरंत डबवाली रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बूटा सिंह विवाहित था और उसके दो बेटियां व एक बेटा है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की मांग की है।
Comments