Fire News: भिवानी में फर्नीचर गोदाम राख, हांसी में हार्डवेयर शोरूम और ई-रिक्शा जली

भिवानी में 12-13 दमकल गाड़ियों ने 6 घंटे और हांसी में दो घंटे में बुझाई आग

Published On

भिवानी/हांसी, सच कहूँ/इन्द्रवेश/मुकेश। Bhiwani News: हरियाणा में आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। भिवानी में नया बाजार के पास हांसी गेट से फूलों वाले चौक के बीच स्थित एक फर्नीचर शोरूम और उसके गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा फर्नीचर, लकड़ी और प्लाईबोर्ड समेत पूरा सामान जल गया। दमकल कर्मियों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, हांसी में तोशाम चुंगी के पास एक हार्डवेयर एवं सेनेटरी शोरूम और कृष्णा कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी ई-रिक्शा आग की भेंट चढ़ गई। तीनों घटनाओं में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

भिवानी में फर्नीचर शोरूम के मालिक रोहित ने बताया कि रात करीब पौने दो बजे पड़ोसियों ने फोन कर गोदाम से आग की लपटें निकलने की सूचना दी। उन्होंने तुरंत आपातकालीन नंबर 112 और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाईबोर्ड और अन्य ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई। दमकल आॅपरेटर भूपेंद्र सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही टीम दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए धीरे-धीरे 12 से 13 दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब 5 से 6 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया है। 

हांसी में हार्डवेयर शोरूम का सामान जला

हांसी में आग की पहली घटना तोशाम चुंगी के पास गर्ग अस्पताल के सामने स्थित श्री श्याम हार्डवेयर एंड सेनेटरी स्टोर में हुई। शोरूम संचालक अंकुश, निवासी गांव ढाणी ठाकरिया, ने बताया कि वह दुकान बंद करके घर चला गया था। रात करीब 12 बजे राहगीरों ने फोन कर दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा और दमकल विभाग तथा पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से शोरूम में रखा हार्डवेयर और सेनेटरी का सामान जलकर राख हो गया। नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो पाया है।

चार्जिंग से हटाने के बाद ई-रिक्शा में लगी आग

हांसी की कृष्णा कॉलोनी में आग की दूसरी घटना में घर के बाहर खड़ी ई-रिक्शा पूरी तरह जल गई। चालक जितेंद्र ने बताया कि उसने मंगलवार रात करीब 12:30 बजे ई-रिक्शा को चार्जिंग से हटाया था। इसके बाद रात करीब डेढ़ बजे अचानक उसमें आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग बुझाए जाने तक ई-रिक्शा पूरी तरह जल चुकी थी। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास के घरों को नुकसान होने से बचा लिया गया। जितेंद्र ने बताया कि वह परिवार में अकेले कमाने वाले हैं और ई-रिक्शा चलाकर घर का खर्च चलाते हैं। वाहन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन था। इसके जल जाने से अब उनके सामने परिवार का पालन-पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts