गंगनहर पटरी पर मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बावरिया गैंगस्टर ढेर
बदमाशों की गोली से तीन पुलिसकर्मी घायल, दो साथी फरार; दो पिस्टल और चोरी की बाइक बरामद
गाजियाबाद, सच कहूँ/रविंद्र सिंह। Ghaziabad News: गाजियाबाद और बागपत पुलिस का वांछित बावरिया गिरोह का कुख्यात अपराधी धर्मेंद्र उर्फ टिंडी उर्फ टिड्डी बुद्धवार को निवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उस पर दोनों जनपदों से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से दो .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और दिल्ली से चोरी की गई बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध केशव चौधरी ने मीडिया को बताया कि 28 अक्टूबर को अपराध शाखा की ऑपरेशन टीम को सूचना मिली थी कि धर्मेंद्र अपने साथियों के साथ निवाड़ी क्षेत्र में गंगनहर पटरी के रास्ते से गुजरने वाला है। सूचना पर स्वाट टीम ने मेरठ जाने वाले रास्ते के सामने घेराबंदी की। सुबह करीब छह बजे गाजियाबाद की ओर से एक बाइक पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार तेज रफ्तार से गंगनहर पटरी की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने बाइक कच्चे रास्ते पर मोड़ दी। बाइक फिसलने से तीनों गिर गए और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से हेड कांस्टेबल अमित कुमार, विनीत कुमार और हिमांशु मलिक घायल हो गए।
बदमाशों की दो गोलियां उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार और हेड कांस्टेबल वरुण वीर सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगीं, जबकि एक गोली निरीक्षक अनिल कुमार के कान के पास से निकली। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। घायल बदमाश और पुलिसकर्मियों को सीएचसी मुरादनगर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल बदमाश को मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान धर्मेंद्र उर्फ टिंडी उर्फ टिड्डी पुत्र इंद्रपाल के रूप में हुई। वह लोनी के निठौरा रोड स्थित 54 बीघा गोपाल फार्महाउस का निवासी था। उसका मूल पता अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र का गांव बुरावली है।
चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे
पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र का नाम बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 और 2025 में हुई चोरी की घटनाओं में सामने आया था। इसके अलावा मसूरी थाना क्षेत्र में 29 जून 2025 को घर में घुसकर लूट के प्रयास, मारपीट और चाकू से जानलेवा हमले के मामले में भी उसका नाम प्रकाश में आया था। उसके खिलाफ लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य अपराधों के मुकदमे दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ 15 अन्य मुकदमों का भी उल्लेख है। वर्ष 2019 में भी उस पर शामली से 15 हजार और गाजियाबाद से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ था। उस समय भी पुलिस मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी थी और उसे गिरफ्तार किया गया था।
हथियार और नकदी बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से दो .32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन, .32 बोर के तीन जिंदा और 12 खोखा कारतूस, .315 बोर के दो जिंदा और तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की काली स्प्लेंडर बाइक और 2,250 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी। मुठभेड़ के संबंध में थाना निवाड़ी में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फरार दोनों बदमाशों की तलाश की जा रही है।
Comments