धरनास्थल पर पहुंची सपा सांसद इकरा हसन, ग्रामीणों को दिया समर्थन
धरनास्थल पर पहुंची सपा सांसद इकरा हसन, ग्रामीणों को दिया समर्थन
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित फैक्ट्रियों से फैल रहे प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार शाम को कैराना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन भी धरनास्थल पर पहुंची। जहां पर उन्होंने धरनारत ग्रामीणों को अपना समर्थन दिया। सांसद ने कहा कि किसी भी प्रकार का प्रदूषण मानव के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। प्रशासन के द्वारा जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों की समस्या को गम्भीरता से सुनना चाहिए था। लोकतंत्र में तानाशाही के लिए कोई स्थान नही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा और पानी प्रत्येक व्यक्ति का मौलिक अधिकार है। विदित रहे कि प्रदूषण के खिलाफ कण्डेला, हिंगोखेड़ी, शेखूपुरा, जगनपुर, ऐरटी, मन्नामाज़रा, बलवा गुजरान के ग्रामीण शामली-कैराना मार्ग पर स्थित कण्डेला बस स्टॉप के निकट विगत 20 अक्टूबर से धरने पर बैठे है।
ग्रामीणों का आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र में संचालित कुछ फैक्ट्रियां प्रदूषण के नियमों को ताक पर रखकर संचालित की जा रही है, जिनके विरुद्ध प्रशासन के द्वारा कोई कार्यवाही नही की जा रही है। फैक्ट्रियों के प्रदूषण के खिलाफ उनके द्वारा उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत की गई, परन्तु परिणाम शून्य रहा। प्रशासनिक स्तर पर कार्यवाही न होने पर वह अनिश्चिकालीन धरने को मजबूर हुए है। एक दिन पूर्व भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मैनपाल चौहान ने धरनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को अपना समर्थन दे चुके है। इस दौरान वैसर प्रधान, रोहित चौहान, अतुल चौहान, मोहित चौहान, आशु कुमार, निशांत चौहान, राहुल चौहान, मोनू चौहान, अमित चौहान, शिवम चौहान, अमरीश कोरी, राजेन्द्र चौहान, विकास चौहान आदि ग्रामीण मौजूद रहे।