बरनावी के जंगल में बन रहा था मौत का सामान, 40 तमंचे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

आगामी चुनावों को प्रभावित करने के इरादे से हथियार तैयार कर सप्लाई करने की थी योजना, हथियारों की खरीदारों और नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: आगामी चुनावों से पहले कैराना पुलिस ने अवैध हथियार बनाने के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने गांव बरनावी के जंगल में स्थित एक ट्यूबवेल पर छापेमारी कर अवैध तमंचा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से 40 बने और अधबने तमंचे, 9 जिंदा कारतूस तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण और पुर्जे बरामद किए गए है। पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री संचालित करने के आरोप में गांव बरनावी निवासी हारून को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के दौरान आगामी चुनावों को प्रभावित करने के उद्देश्य से अवैध हथियार तैयार कर उनकी सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस हथियार खरीदने वालों और इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सोमवार को अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कैराना पुलिस की टीम ने प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में गांव बरनावी के जंगल में स्थित एक ट्यूबवेल पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां अवैध हथियारों का जखीरा और उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसने अपना नाम हारून निवासी ग्राम बरनावी बताया। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान 21 बने और 19 अधबने तमंचे बरामद हुए। इनमें 315 बोर और 12 बोर के तमंचे शामिल हैं।

इसके अलावा 9 जिंदा कारतूस, विभिन्न बोर की नाल, अधबनी बट और बॉडी, ट्रिगर, स्प्रिंग समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य पुर्जे भी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, आरी, रेती, हथौड़ा और दूसरे उपकरण भी कब्जे में लिए है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान आगामी चुनावों को प्रभावित करने के उद्देश्य से अवैध तमंचे तैयार कर उनकी सप्लाई किए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, ये हथियार किन लोगों को बेचे जाने थे, अब तक कितने हथियारों की सप्लाई की गई और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

पुलिस संभावित खरीदारों और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी हारून के खिलाफ कैराना कोतवाली में पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के अलावा दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान व एसआई यूनुस खान, हेड कांस्टेबल ज्योति प्रकाश, शहजाद, ललित शर्मा, अंकुर मलिक तथा कांस्टेबल विपिन कुमार, शशि मलिक और राहुल शामिल रहे। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी कुंडली खंगाल रही है।

 

About The Author

Related Posts