गरीब परिवार को आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग, अधिकारियों से स्थलीय जांच की अपील
गरीब परिवार को आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग, अधिकारियों से स्थलीय जांच की अपील
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: कैराना ब्लॉक के ग्राम गंदराऊ निवासी एक गरीब परिवार ने शासन की आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। इस संबंध में परिवार के मुखिया ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव और कैराना के खंड विकास अधिकारी रोहित शर्मा को प्रार्थना-पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। पत्र में लीलू ने बताया कि उसका परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। परिवार के मकान की हालत अत्यंत जर्जर है और मकान की दीवारें कच्ची होने के कारण परिवार को सुरक्षित आवास की आवश्यकता है।
इसके बावजूद अभी तक उसे किसी भी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। आवेदक ने अधिकारियों को अवगत कराया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह अपने संसाधनों से मकान का निर्माण करा सके। ऐसे में परिवार को सरकारी आवास योजना के तहत सहायता मिलने की उम्मीद है। लीलू ने प्रार्थना-पत्र में संबंधित अधिकारियों से परिवार के मकान का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा आवास योजना की पात्रता सूची में परिवार का नाम जांचने की मांग की है। उसने कहा कि यदि परिवार योजना के लिए पात्र पाया जाता है तो नियमानुसार उसे आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।
आवेदक ने यह भी मांग की है कि यदि किसी कारणवश परिवार को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है तो इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। प्रार्थना-पत्र में मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी से गरीब परिवार की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करने की अपील की गई है। आवेदक को उम्मीद है कि प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच कर पात्रता के आधार पर परिवार को सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने की दिशा में कदम उठाएंगे।