ICMR-BMHRC में नर्सिंग ऑफिसर, टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट समेत विभिन्न पदों पर भर्ती, जल्द करें आवेदन

आईसीएमआर-बीएमएचआरसी भर्ती 2026: नर्सिंग ऑफिसर सहित 66 पदों पर भर्ती जारी, 23 अक्टूबर तक भरें फॉर्म 

Published On

भोपाल, एजेंसी। ICMR-BMHRC Recruitment 2026: भारत सरकार के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करने वाला एक प्रमुख सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल और अनुसंधान संस्थान, इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च-भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (आईसीएमआर-बीएमएचआरसी) ने सीधी भर्ती के तहत ग्रुप-बी और ग्रुप-सी के खाली 66 पदों को भरने के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं।  

आईसीएमआर-बीएमएचआरसी की ओर से जारी 66 रिक्तियों में ग्रुप-बी के 31 और ग्रुप-सी के 35 पद शामिल हैं। ग्रुप-बी के 31 पदों में इंजीनियर-सिविल का 1, ट्यूटर-नर्सिंग कॉलेज के 5, नर्सिंग ऑफिसर    के 14, मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर का 1, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर के 2, वार्डन    का 1, परफ्यूजनिस्ट (ग्रेड-II) का 1, डाइटिशियन का 1, साइकियाट्री टेक्नीशियन का 1, मेडिकल सोशल वर्कर के 3 और असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर का 1 पद शामिल हैं।

ग्रुप-सी के 35 पदों में तकनीशियन (गैर-चिकित्सा) के 2, तकनीशियन-चिकित्सा के 16 (एनेस्थीसिया के 2, ब्लड ट्रांसफ्यूजन के 2, जीआई सर्जरी का 1, ऑप्थल्मोलॉजी का 1, सीएसएसडी का 1, मैनिफोल्ड के 3, पल्मोनरी मेडिसिन का 1, रेडियोग्राफर के 2 और पैथोलॉजी के 3), फार्मासिस्ट का 1, स्टोर प्रभारी का 1, स्टोर कीपर का 1, निजी सहायक के 7, अटेंडेंट-चिकित्सा के 6 और इंसिनरेटर ऑपरेटर का 1 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से इंजीनियर-सिविल के लिए सिविल इंजीनियरिंग में बीई या बीटेक, ट्यूटर-नर्सिंग कॉलेज के लिए एमएससी नर्सिंग या बीएससी/पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग के साथ ही आईएनसी-मान्यता प्राप्त नर्सिंग कॉलेज में एक वर्ष का अनुभव और नर्सिंग रजिस्ट्रेशन होना आवश्यक है। नर्सिंग ऑफिसर के लिए बीएससी नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग ऑनर्स या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग (नर्सिंग रजिस्ट्रेशन के साथ); या फिर रजिस्ट्रेशन के साथ जीएनएम और कम से कम 50 बिस्तरों वाले अस्पताल में काम करने का एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर के लिए बैचलर डिग्री, मेडिकल रिकॉर्ड टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा और अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड विभाग में दो वर्ष का अनुभव, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर के लिए किसी सरकारी, पीएसयू, स्वायत्त या वैधानिक संस्थान में कैश, अकाउंट्स और बजट से जुड़े कार्यों में दो वर्ष के अनुभव के साथ डिग्री, वार्डन के लिए होटल मैनेजमेंट या होम साइंस में डिग्री और हॉस्टल मैनेजमेंट में एक वर्ष का अनुभव; या फिर होटल मैनेजमेंट या कैटरिंग में डिप्लोमा और संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है।

परफ्यूजनिस्ट ग्रेड-II    के लिए परफ्यूजन टेक्नोलॉजी में डिग्री और संबंधित क्षेत्र में दो वर्ष का अनुभव या परफ्यूजन टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा और संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष का अनुभव, डाइटिशियन के लिए न्यूट्रिशन, डायटेटिक्स, फूड साइंस या होम साइंस में मास्टर डिग्री या फिर संबंधित बीएससी डिग्री, डायटेटिक्स में पीजी डिप्लोमा और कम से कम 100 बिस्तरों वाले अस्पताल या संस्थान में एक वर्ष का अनुभव, साइकियाट्री टेक्नीशियन के लिए साइकोलॉजी में बैचलर डिग्री और कम से कम 100 बिस्तरों वाले अस्पताल या संस्थान में साइकियाट्री टेक्नीशियन के रूप में दो वर्ष का अनुभव आवश्यक है।

मेडिकल सोशल वर्कर    के लिए सोशल वर्क या सोशियोलॉजी में डिग्री या सोशल वर्क में एक वर्ष के डिप्लोमा के साथ कोई डिग्री और साथ ही कम से कम 100 बिस्तरों वाले अस्पताल या संस्थान में दो वर्ष का अनुभव। असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर के लिए    किसी सरकारी, पीएसयू, स्वायत्त या वैधानिक संस्थान में प्रशासन, अकाउंट्स या एस्टेब्लिशमेंट (स्थापना) कार्यों में दो वर्ष के अनुभव के साथ डिग्री।

टेक्नीशियन - नॉन-मेडिकल के लिए बीएससी और किसी मेडिकल संस्थान में एक वर्ष का अनुभव; या फिर संबंधित विषय में डिप्लोमा के साथ 12वीं (साइंस) और उसी क्षेत्र में दो वर्ष का अनुभव, टेक्नीशियन - मेडिकल के लिए किसी मेडिकल संस्थान में एक वर्ष के अनुभव के साथ बीएससी; या फिर संबंधित विषय में डिप्लोमा के साथ 12वीं (साइंस) और पांच वर्ष का अनुभव, फार्मासिस्ट के लिए साइंस के साथ 12वीं पास, फार्मेसी में दो वर्ष का डिप्लोमा और स्टेट फार्मेसी काउंसिल में रजिस्ट्रेशन, स्टोर इंचार्ज के लिए फार्मेसी में डिग्री या मेडिकल स्टोरकीपर के रूप में पांच वर्ष के अनुभव के साथ फार्मेसी में डिप्लोमा आवश्यक है।

स्टोर कीपर के लिए साइंस के साथ 12वीं और फार्मेसी में डिप्लोमा और मेडिकल स्टोर में स्टोर कीपर के रूप में दो वर्ष का अनुभव, पर्सनल असिस्टेंट    के लिए 12वीं पास के साथ ही निर्धारित डिक्टेशन और कंप्यूटर-ट्रांसक्रिप्शन कौशल, अटेंडेंट - मेडिकल के लिए साइंस स्ट्रीम से 12वीं पास और इंसिनरेटर ऑपरेटर के लिए 10वीं पास के साथ ही आईटीआई सर्टिफिकेट या समकक्ष प्रमाण पत्र होना जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 27 से 30 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), पर्सनल असिस्टेंट पद के लिए स्किल टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल फिटनेस और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 19,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 590 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी, महिलाएं और पूर्व सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

About The Author

Related Posts