Sri Ganganagar Marathon: शताब्दी स्थापना दिवस पर 25 अक्टूबर को होगी ‘मैराथन रन फ़ॉर फिट गंगानगर’
जिला कलक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा, आमजन से मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील
Run for Fit Ganganagar: श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज़)। श्रीगंगानगर के सौवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली ‘मैराथन रन फ़ॉर फिट गंगानगर’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने मैराथन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन से जुड़ी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
मैराथन में भाग लेने के लिए Shm.to/Marathon पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया उत्साहपूर्वक जारी है। जिला कलक्टर ने युवाओं, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों और आमजन से उत्साहपूर्वक रजिस्ट्रेशन करवाकर इस आयोजन में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर के ऐतिहासिक सौ वर्ष पूरे होने का यह विशेष अवसर है। अधिकाधिक नागरिक मैराथन से जुड़कर शताब्दी उत्सव को यादगार बनाएं और अन्य लोगों को भी भागीदारी के लिए प्रेरित करें।
मैराथन स्थल पर 24 अक्टूबर को खान-पान, स्वास्थ्य एवं मनोरंजक गतिविधियों से संबंधित स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। स्टॉल लगाने के इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक वीरेंद्रपाल सिंह (मोबाइल नंबर-9828196989) तथा उप रजिस्ट्रार, सरकारी समितियां दीपक कुक्कड़ (मोबाइल नंबर-9928079423)से संपर्क कर सकते हैं।
स्टॉल की संख्या सीमित है, इसलिए आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं समय रहते संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। इस दौरान एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ अभिषेक जैन, गंगानगर एसडीएम नयन गौतम, दीपक कुक्कड़, वीरेंद्रपाल सिंह, मंगत सेतिया सहित अन्य उपस्थित रहे।