Hanumangarh Crime News: बुजुर्ग का आरोप, बहू ने मारपीट कर मकान पर किया कब्जा

घर में तोड़फोड़ से एक लाख रुपए का नुकसान, दवाइयां नहीं देने और जेवरात-नकदी हड़पने की आशंका जताई

Published On

Property Dispute: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में एक 61 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी पुत्रवधू और उसके पिता पर घर में जबरन घुसकर मारपीट करने, तोड़फोड़ करने और मकान पर कब्जा करने के आरोप लगाए हैं। न्यायालय में पेश इस्तगासे के आधार पर जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। वार्ड नंबर 60, सुरेशिया निवासी बृजप्रकाश गोदारा (61) पुत्र बद्रीराम गोदारा ने रिपोर्ट में बताया कि उनके बेटे हिमांशु का विवाह 30 जनवरी 2025 को नेहा पुत्री मोहर सिंह निवासी वार्ड नंबर 60, सुरेशिया के साथ हुआ था। वैवाहिक अनबन के बाद उन्होंने बेटे और बहू को बेदखल कर दिया था।

परिवादी के अनुसार, 15 जून 2026 को शाम करीब पांच बजे वह घर में बैठे थे। इसी दौरान नेहा दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गई और लोहे के डंडे से मारपीट करने लगी। उसने फ्रिज, टीवी, खिड़कियों और अलमारियों सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ की, जिससे करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ। इसके बाद घर पर ताला लगाकर कब्जा कर लिया। बृजप्रकाश ने आरोप लगाया कि वह शुगर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं और उन्हें दिन में तीन-चार बार दवाइयां लेनी पड़ती हैं, लेकिन घर लौटने पर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया और दवाइयां भी नहीं दी गईं। उन्होंने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और संपत्ति के दस्तावेजों को लेकर भी आशंका जताई।

इस्तगासे में 16 जुलाई 2026 को नेहा के पिता मोहर सिंह पर भी घर में घुसने का आरोप लगाया गया। परिवादी ने पूर्व में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि 2025 में इस संबंध में जंक्शन थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। वहीं, 23 अप्रैल 2026 की घटना को लेकर लालगढ़ थाने में शिकायत देने और 5 जून को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने की बात भी कही। इस्तगासे के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच सहायक उपनिरीक्षक विजेंद्र कुमार को सौंपी गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

About The Author

Related Posts