Tax Department Raid: दीपावली से पहले कर विभाग की सख्ती, चार गाड़ियां डिटेन

एक पर 5.50 लाख की पेनल्टी प्रस्तावित, बिना दस्तावेज मिले स्क्रैप से भरे तीन ट्रक, 15-16 लाख रुपए का राजस्व जुड़ा

Published On

Tax Department Raid: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। दीपावली के मद्देनजर कर विभाग की ओर से जिले में नियमित रोड चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभाग की टीमों ने चार गाड़ियां डिटेन की हैं। इनमें परचून, मनियारी और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान से भरे एक ट्रक पर करीब साढ़े पांच लाख रुपए की पेनल्टी प्रस्तावित की गई है, जबकि स्क्रैप से भरे तीन ट्रक बिना दस्तावेज पाए गए हैं। इन तीनों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जाना बाकी है। सर्किल ए हनुमानगढ़ सीटीओ राजू गोदारा ने बताया कि परचून, मनियारी और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान से भरा ट्रक नंबर आरजे 13 जीसी 1853 श्रीगंगानगर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का था। इसे दिल्ली से श्रीगंगानगर जाते समय रुकवाया गया।

फिजिकल वेरिफिकेशन टीम की ओर से जांच के बाद करीब साढ़े पांच लाख रुपए की पेनल्टी प्रस्तावित की गई है। हालांकि ट्रांसपोर्टर ने अभी तक पेनल्टी जमा करवाकर वाहन नहीं छुड़वाया है। इसके अलावा स्क्रैप से भरे तीन ट्रक एचआर 57 ए 3525, आरजे 40 जीए 1467 और पीबी 03 बीयू 2998 भी रुकवाए गए। जांच के दौरान तीनों ट्रक बिना दस्तावेज पाए गए। इनका फिजिकल वेरिफिकेशन अभी लंबित है। विभाग की ओर से फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। इन तीनों वाहनों में करीब 15-16 लाख रुपए का राजस्व इन्वॉल्वमेंट है। दस्तावेज नहीं होने के कारण इन पर पेनल्टी लगना तय माना जा रहा है।

सीटीओ राजू गोदारा ने बताया कि यह सभी कार्रवाई मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार तथा श्रीगंगानगर जोन के एडिशनल कमिश्नर एडम अश्विनी भार्गव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में विभाग की टीम के एसीटीओ भीमसिंह झोरड़, वेदप्रकाश शर्मा और रवि शंकर शर्मा शामिल रहे। उन्होंने बताया कि मुख्यालय की ओर से अपने स्तर पर सूचनाएं संकलित की जाती हैं और उच्च स्तर से प्राप्त मार्गदर्शन के बाद कार्रवाई की जाती है।

रोड चैकिंग के साथ सर्वे भी जारी

सीटीओ राजू गोदारा ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशानुसार रोड चैकिंग लगातार जारी रहेगी। दीपावली के मद्देनजर विभाग की ओर से सर्वे की कार्रवाई भी की जा रही है। बुधवार को ही हनुमानगढ़ जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर सर्वे की कार्रवाई की गई, जिसमें करीब 70 लाख रुपए का राजस्व अर्जित किया गया।

About The Author

Related Posts