कैराना में अंजुमन गुलिस्तान-ए-उर्दू अदब की शानदार शेरी महफ़िल, शायरों ने जमकर बटोरी दाद

कैराना में अंजुमन गुलिस्तान-ए-उर्दू अदब की शानदार शेरी महफ़िल, शायरों ने जमकर बटोरी दाद

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे की अदबी अंजुमन गुलिस्तान-ए-उर्दू अदब के तत्वावधान में मोहल्ला कायस्थवाड़ा स्थित रोडों की धर्मशाला में बीती रात शानदार शेरी महफ़िल का आयोजन किया गया। महफ़िल में शहर के मशहूर शायरों ने अपना चुनिंदा कलाम पेश कर समां बांध दिया। शायरों को श्रोताओं की ओर से खूब दाद और तारीफ़ मिली। महफ़िल का आग़ाज़ मशहूर शायर गुलज़ार नज़र की नात-ए-पाक से हुआ। कार्यक्रम की निज़ामत के फ़रायज़ डॉ. शब्बाब सिद्दीकी ने ख़ूबसूरत अंदाज़ में अंजाम दिए, जबकि अध्यक्षता शमशाद सैफ़ी ने की।

इस मौके पर महफ़िल के आयोजक सालिम अली एडवोकेट ने कहा कि इस तरह की छोटी-छोटी शेरी निशस्तें उर्दू ज़बान और अदब के फ़रोग़ में अहम किरदार अदा करती हैं। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इसी स्थान पर एक भव्य मुशायरे का आयोजन भी किया जाएगा। शेरी महफ़िल का सिलसिला रात करीब नौ बजे शुरू होकर एक बजे तक जारी रहा। इस दौरान डॉ. आरिफ़ खान क़मर, डॉ. शब्बाब सिद्दीकी, नफ़ीस आसिम अंसारी, गुलज़ार नज़र, आशिक़ ज़िया, डॉ. सलीम अख़्तर फ़ारूक़ी और वहाब अकमल समेत अन्य शायरों ने अपना कलाम पेश किया। हर अच्छे शेर पर श्रोताओं ने तालियों और दाद के साथ शायरों की हौसला-अफ़ज़ाई की।

महफ़िल में चौधरी इलियास, बाबू अली, ज़फ़र अली, सलीम, शमीम क़ुरैशी, फ़ुरक़ान क़ुरैशी, शक़ीब भाई, खुर्शीद क़ुरैशी, मेहरबान क़ुरैशी, उमर दराज़, नफ़ीस, शौकत मलिक, शहज़ाद सैफ़ी, फ़ज़ल इलाही क़ुरैशी और यासीन क़ुरैशी समेत बड़ी संख्या में अदब और शायरी से दिलचस्पी रखने वाले लोग मौजूद रहे। महफ़िल के समापन पर अंजुमन गुलिस्तान-ए-उर्दू अदब के सरपरस्त मौलाना वासिल भूरा ने कहा कि अंजुमन की ओर से आयोजित यह 90वां अदबी कार्यक्रम है।

उन्होंने कहा कि इंशाअल्लाह अंजुमन के 100 कार्यक्रम पूरे होने के बाद ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां अगले महीने से शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि अंजुमन का मक़सद उर्दू ज़बान व अदब की तरक़्क़ी और फ़रोग़ के साथ स्थानीय शायरों और अहल-ए-क़लम को एक प्रभावी अदबी प्लेटफ़ॉर्म मुहैया कराना है। कार्यक्रम को कामयाब बनाने में शायर और पत्रकार डॉ. सलीम फ़ारूक़ी ने अहम भूमिका निभाई।

About The Author

Related Posts