कृषि के विद्यार्थियों ने सीखी आधुनिक खेती की तकनीकें, रोजगार और स्वरोजगार के गुर

शहद प्रोसेसिंग, डेयरी सहित विभिन्न इकाइयों का किया अवलोकन, विशेषज्ञों ने उच्च शिक्षा व कृषि उद्यमिता के अवसरों की दी जानकारी

Published On

Agriculture Students Educational Tour: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। रावतसर के विकास मॉडल पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय (Vikas Model Public Higher Secondary School) के कक्षा 12वीं कृषि विज्ञान के विद्यार्थियों ने मंगलवार को श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय (Shri Khushal Das University) का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कृषि संकाय सहित विभिन्न कृषि एवं पशुपालन आधारित इकाइयों का अवलोकन कर आधुनिक कृषि तकनीकों, उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की। इससे पूर्व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश सुथार ने सुबह 10 बजे विद्यार्थियों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश सुथार ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण से किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव मिलता है।

इस मौके पर विद्यालय निदेशक हनुमान प्रसाद शर्मा सहित स्टाफ मौजूद रहा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने शहद प्रोसेसिंग प्लांट, बकरी पालन फार्म, डेयरी यूनिट, वर्मी कम्पोस्ट इकाई, जैविक बिस्किट निर्माण इकाई, उन्नत बीज उत्पादन इकाई, बागवानी केन्द्र, मृदा जांच केन्द्र और पशु चिकित्सा इकाई का अवलोकन किया। साथ ही जैविक च्यवनप्राश निर्माण एवं हॉर्स राइडिंग गतिविधि की जानकारी भी ली। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को इन इकाइयों की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया और व्यावसायिक उपयोगिता समझाई। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों और कृषि आधारित नए व्यवसायों की जानकारी प्राप्त कर भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कृषि क्षेत्र में तकनीकी दक्षता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को आवश्यक बताया। आईक्यूएसी निदेशक प्रो. डॉ. अवधेश शर्मा ने कृषि क्षेत्र में नवाचार, खाद्य प्रसंस्करण और उद्यमिता की संभावनाओं की जानकारी देते हुए एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन के तहत पात्रता व निर्धारित शर्तांे के अधीन नवाचार आधारित व्यावसायिक विचारों के लिए 15 लाख रुपए तक की सहायता मिलने की जानकारी दी।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. डॉ. विक्रम सिंह औलख ने विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों और करियर विकल्पों के बारे में बताया। कृषि संकाय के विष्णु मूंड ने कृषि विभाग की भर्तियों, कृषि पर्यवेक्षक सहित विभिन्न पदों पर रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सुमित कुमार ने तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों से अवगत करवाया। विद्यार्थियों ने कृषि पर्यवेक्षक, पटवारी, शिक्षक, रेलवे, सेना, सीमा सुरक्षा बल और पुलिस विभाग में सेवाएं देने की इच्छा जताई। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस मौके पर विद्यालय के पीटीआई नरपत सिंह, यश पारीक, पूनम वर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts