Illegal Parking News: नो पार्किंग में धड़ल्ले से खड़े हो रहे चौपहिया वाहन, दुकानदारों का कारोबार प्रभावित
कई घंटों तक सड़क पर खड़े रहते हैं वाहन, दिनभर जाम से राहगीर और ग्राहक परेशान
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। टाउन शहर के व्यस्ततम इलाके वाल्मीकि चौक के आसपास चौपहिया वाहनों की अवैध पार्किंग ने यातायात व्यवस्था बिगाड़ रखी है। नो पार्किंग एरिया होने के बावजूद लोग बेखौफ होकर दुकानों के सामने चौपहिया वाहन खड़े कर बाजार में खरीदारी करने चले जाते हैं। कई-कई घंटे तक वाहन खड़े रहने से सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, बल्कि दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थाई समाधान नहीं होने से दुकानदारों में रोष है।
दुकानदार हरनीत सिंह, दिनेश गोयल और विनोद सोनी ने बताया कि लोग वाल्मीकि चौक के पास नो पार्किंग एरिया में चौपहिया वाहन खड़े कर बाजार चले जाते हैं। ऐसे में अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए रास्ता संकरा हो जाता है। दुकानों पर आने वाले ग्राहकों को भी अपने दुपहिया वाहन खड़े करने की जगह नहीं मिलती। मजबूरी में उन्हें सड़क के बीच वाहन खड़ा करना पड़ता है। यहां तक कि दुकानदारों के लिए भी अपने दुपहिया वाहन खड़े करने की जगह नहीं बचती। इससे दिनभर यातायात बाधित रहता है और ग्राहकी पर भी विपरीत असर पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार यातायात पुलिस को अवगत करवाया जा चुका है।

पुलिस की ओर से कार्रवाई करने पर एक-दो दिन स्थिति सुधरती है, लेकिन इसके बाद फिर वही हालात बन जाते हैं। चौपहिया वाहन चालकों को वाहन खड़ा करने से रोकने पर कई बार वे लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। दुकानदारों ने बताया कि वाल्मीकि चौक के आसपास निराश्रित पशुओं का भी जमावड़ा रहता है। पशुओं के गोबर आदि से सड़क पर गंदगी फैलती है, लेकिन नगर परिषद प्रशासन की ओर से इस समस्या पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने कहा कि व्यस्ततम इलाके और मुख्य बाजार में चौपहिया वाहनों का प्रवेश निषेध होने के बावजूद लोग चोर रास्तों से वाहन लेकर पहुंच जाते हैं। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य बाजार और व्यस्ततम इलाकों में चौपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए तथा वाल्मीकि चौक के पास यातायात पुलिसकर्मी की स्थाई तैनाती की जाए, ताकि नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई हो सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
Comments