Jaipur Sculpture Art: जयपुर की मूर्तिकला! पत्थरों में प्राण फूंकती छैनी-हथौड़ी की शिल्प साधना

पांच हजार से अधिक कारीगरों के हुनर में आज भी जीवंत है सदियों पुरानी परंपरा

Published On

किसी मंदिर में स्थापित देव प्रतिमा के सामने श्रद्धालु शीश नवाते हैं तो किसी महापुरुष की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके प्रति सम्मान प्रकट करते हैं। लेकिन उस कलाकार की साधना को कितनी बार याद किया जाता है, जिसने एक निर्जीव पत्थर को ऐसा सजीव स्वरूप दिया कि वह सदियों तक आस्था, श्रद्धा और प्रेरणा का केंद्र बन गया। दरअसल, पत्थर में देवत्व और भावों की अभिव्यक्ति स्वयं नहीं उभरती। उसके पीछे शिल्पकार की कल्पना, साधना, धैर्य और छैनी-हथौड़ी की अनगिनत चोटों का योगदान होता है। जयपुर की मूर्तिकला इसी अद्भुत सृजनशीलता की विरासत है, जहां पत्थर कलाकार के स्पर्श से अभिव्यक्ति पाने लगता है।

जयपुर के चांदपोल बाजार से सटे मूर्ति मोहल्ले की गलियों में प्रवेश करते ही इस कला की जीवंत दुनिया से साक्षात्कार होता है। भिंडों का रास्ता, खजाने वालों का रास्ता और खेजड़ों का रास्ता आज भी छैनी-हथौड़ी की खनक से गूंजते हैं। कभी सिलावटों के मोहल्ले के नाम से पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में घर-घर मूर्तिकला की परंपरा सांस लेती है। यहां करीब पांच हजार कलाकार, कारीगर और श्रमिक प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से इस व्यवसाय से जुड़े हैं। मूर्तिकार, पत्थर की घिसाई-पॉलिश करने वाले कारीगर, रंगकारी करने वाले चितेरे, पैकिंग और परिवहन से जुड़े श्रमिकों तक एक पूरी अर्थव्यवस्था इस कला के इर्द-गिर्द विकसित हुई है। यह मोहल्ला महज कारोबार का केंद्र नहीं, बल्कि पीढ़ियों से हस्तांतरित होते आ रहे हुनर की खुली कार्यशाला है।
पत्थर का चयन, शिल्पकार की कल्पना और आकार लेती प्रतिमा
जयपुर की मूर्तिकला की खासियत इसकी विविधता और निर्माण की पारंपरिक तकनीक में छिपी है। प्रतिमा गढ़ने की शुरुआत पत्थर के चयन से होती है। मकराना का सफेद संगमरमर अपनी गुणवत्ता और चमक के लिए विशेष स्थान रखता है। भैंसलाना का काला पत्थर और जैसलमेर का पीला पत्थर भी मूर्तिकारों की पसंद में शामिल हैं। विशेष रूप से जैन प्रतिमाओं के निर्माण में पीले पत्थर का उपयोग किया जाता रहा है। हिण्डौन और दौसा क्षेत्र का घीया पत्थर प्रारंभिक प्रतिरूप बनाने के काम आता है, जबकि पहले झिरी और रायले के पत्थर का भी मूर्तियों तथा भवन निर्माण में उपयोग होता था।
मूर्ति निर्माण केवल छैनी-हथौड़ी चलाने तक सीमित नहीं है। सबसे पहले मिट्टी, पत्थर अथवा प्लास्टर से प्रतिमा का प्रारंभिक मॉडल तैयार किया जाता है। डिजाइन स्वीकृत होने के बाद उसी के अनुरूप चुने हुए पत्थर को काटकर आकार दिया जाता है। फिर शिल्पकार उस पर रेखांकन कर बारीकी से आकृति उभारता है। इस पूरी प्रक्रिया में अनुभव और एकाग्रता की बड़ी परीक्षा होती है, क्योंकि पत्थर से एक बार निकला हुआ हिस्सा दोबारा नहीं जोड़ा जा सकता। छोटी-सी चूक महीनों की मेहनत पर पानी फेर सकती है।
तराशी गई प्रतिमा इसके बाद पॉलिश के लिए पहुंचती है। अनुभवी कारीगर घिसाई करके उसकी सतह को चिकना और चमकदार बनाते हैं। फिर चितेरे रंगों और अलंकरण के जरिए चेहरे के भाव, वस्त्र, मुकुट और आभूषणों को आकर्षक स्वरूप देते हैं। इस तरह खदान से निकला पत्थर कई कुशल हाथों से गुजरते हुए कलाकृति में बदल जाता है।
मूर्तियों की विविधता और पारंपरिक शिल्प शब्दावली
मूर्ति मोहल्ले में प्रतिमाओं की दुनिया भी कम रोचक नहीं है। यहां छोटे आकार की प्रतिमाओं से लेकर विशाल और आदमकद मूर्तियों तक का निर्माण होता है। चुटकुले, पांच खण्डे, चपटे, ग्याराना और चौदाना जैसे पारंपरिक नाम अलग-अलग आकार और माप की पहचान कराते हैं। धार्मिक प्रतिमाओं में हनुमान, महादेव, कार्तिकेय, राम जोड़ी, कृष्ण जोड़ी, गणेश, नंदी, पिण्डी और जलहरी प्रमुख हैं। आवक्ष प्रतिमाओं के साथ पूर्ण आकार की मूर्तियां भी तैयार की जाती हैं। कुछ प्रतिमाओं में नाजुक और बाहर निकले अंगों को सुरक्षित रखने के लिए पीछे पत्थर का सहारा छोड़ा जाता है, जिन्हें बादरेदार मूर्तियां कहा जाता है।
इनकी कीमत पत्थर की गुणवत्ता, आकार, डिजाइन की जटिलता और शिल्पकार के कौशल के आधार पर तय होती है। एक ही तरह के पत्थर से बनी दो प्रतिमाओं के मूल्य में भी बड़ा अंतर हो सकता है, क्योंकि कलाकृति का वास्तविक मूल्य उसे गढ़ने वाले कलाकार की कल्पना और दक्षता से निर्धारित होता है।
आमेर की विरासत से संस्थागत पहचान तक
जयपुर की मूर्तिकला परंपरा की जड़ें आमेर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक वैभव से जुड़ी मानी जाती हैं। जयपुर की स्थापना के बाद इस कला को नया परिवेश और विस्तार मिला। महाराजा सवाई रामसिंह द्वितीय (1835-1880) के शासनकाल में कला एवं शिल्प को संस्थागत प्रोत्साहन मिला। वर्ष 1866 में महाराजा स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स की स्थापना की गई, जिसे प्रारंभ में मदरसे हुनरी कहा जाता था। आगे चलकर यही संस्थान राजस्थान स्कूल ऑफ आर्ट्स के नाम से पहचाना गया। इस पहल ने पारंपरिक शिल्प को प्रशिक्षण और नई तकनीकों से जोड़ने का अवसर दिया।
जयपुर की मूर्तिकला को प्रतिष्ठा दिलाने वाले कलाकारों में उस्ताद मालीराम का नाम विशेष आदर से लिया जाता है। उनकी कला-साधना इतनी गहरी थी कि वे सुबह चार बजे से दोपहर बारह बजे तक लगातार काम करते थे। मीठे तेल के दीये की रोशनी में भी उनका सृजन जारी रहता था। उनके लिए मूर्तिकला महज पेशा नहीं, जीवन का ध्येय थी।
बाद के दौर में गोपीचंद मिश्रा, नारायणलाल जैमिनी, लल्लूनारायण शर्मा और सोहनलाल अत्री जैसे कलाकारों ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया। मुकुटबिहारी नाठा, कमलप्रसाद मिश्र, पुरुषोत्तम शर्मा, देवेन्द्र मिश्र, जवाहर मिश्र और छगनलाल जैसे कलाकारों ने पारंपरिक शिल्प के साथ नए प्रयोगों को भी स्थान दिया। श्रीमती उषारानी हूजा ने आधुनिक और विदेशी कला प्रभावों के समन्वय से मूर्तिकला को नई अभिव्यक्ति दी। जयपुर पुलिस मेमोरियल का शहीद स्मारक उनकी कलात्मक दृष्टि का उल्लेखनीय उदाहरण है। वहीं महेन्द्र कुमार दास, जिन्हें दास बाबू के नाम से जाना जाता है, ने स्टैच्यू सर्किल पर स्थापित सवाई जयसिंह की लगभग बारह फुट ऊंची प्रतिमा का निर्माण किया। स्वर्गीय टी.पी. मित्रा ने गुरु के रूप में अनेक कलाकारों को प्रशिक्षित किया। आनन्दीलाल वर्मा, अय्याज मुहम्मद और सत्यनारायण जैसे शिल्पकारों ने यथार्थवादी आवक्ष प्रतिमाओं को नई पहचान दी।
चितेरों की कलम से निखरता है सौंदर्य
मूर्ति निर्माण की यात्रा में चितेरों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। शिल्पकार पत्थर को आकार देता है तो चितेरा उसमें रंगों के माध्यम से भाव और आकर्षण भरता है। चेहरे की दिव्यता, वस्त्रों की बारीकियां, मुकुट की सजावट और आभूषणों की चमक उनकी दक्षता से उभरती है। उनकी रंगकारी में राजस्थानी लघुचित्र शैली की बारीकी और सौंदर्यबोध की झलक दिखाई देती है।
इस क्षेत्र में स्वर्गीय बाबूलाल का योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने चांदी के वर्क को विशेष तकनीक से सोने जैसा रूप देने की कला विकसित की। मुकुट और आभूषणों पर चांदी का वर्क लगाकर उस पर पीले रंग की परत चढ़ाई जाती थी, जिससे वह सोने जैसी चमक देने लगता था। हरीजी, दामोदरजी, मास्टर जगन्नाथ, बद्रीजी, मोहन शर्मा, वीरेन्द्र शर्मा, महेन्द्र शर्मा लखपति, कैलाश शर्मा और दामोदर शर्मा जैसे चितेरों ने भी इस परंपरा को समृद्ध किया।
मोहल्ले से अंतरराष्ट्रीय पहचान तक
समय के साथ जयपुर की मूर्तिकला स्थानीय गलियों से निकलकर देश-विदेश के बाजारों तक पहुंची है। शहर के कई प्रतिष्ठानों ने इस विरासत को व्यावसायिक विस्तार दिया है। नाठा मूर्ति म्यूजियम का नाम इस क्षेत्र में विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इसे करीब सवा सौ वर्ष पुराना प्रतिष्ठान बताया जाता है। मकराना और भैंसलाना में इसकी खदानें भी रही हैं। जगदीश पांडे और मनोहर पांडे के शो-रूम भी अपनी कलात्मक प्रतिमाओं और प्रस्तुति के लिए पहचाने जाते हैं।
आज इस व्यवसाय से हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी है। पत्थर खदानों से निकालने वाले श्रमिकों से लेकर मूर्तिकार, पॉलिश करने वाले कारीगर, चितेरे, व्यापारी और परिवहनकर्मी तक इसकी पूरी शृंखला का हिस्सा हैं। हालांकि इस आकर्षक कला संसार के पीछे कठिन श्रम, सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों की कहानी भी छिपी है।
बदलते समय के साथ जयपुर की मूर्तिकला में भी उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। चेहरे की बनावट, शारीरिक संरचना, वस्त्रों और आभूषणों की बारीकियों में निरंतर परिष्कार हुआ है। आधुनिक शिल्प तकनीकों और पाश्चात्य कला प्रभावों ने कलाकारों को नई अभिव्यक्तियां दी हैं, लेकिन भारतीय संस्कृति और पारंपरिक सौंदर्यबोध इसकी मूल पहचान बने हुए हैं। यही कारण है कि जयपुर में तैयार प्रतिमाएं देश के मंदिरों, धार्मिक स्थलों, संस्थानों और निजी संग्रहों तक पहुंच रही हैं।
पत्थरों में धड़कती जयपुर की सांस्कृतिक आत्मा
खजुराहो, एलोरा और बाड़ोली जैसे ऐतिहासिक शिल्प केंद्रों ने भारतीय मूर्तिकला को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाई है। जयपुर के शिल्पकार उसी समृद्ध परंपरा की आधुनिक कड़ी बनकर अपनी कला से सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी रचनाओं में केवल पत्थर की बनावट नहीं, बल्कि आस्था, कल्पना, सौंदर्य और पीढ़ियों के अनुभव समाहित हैं।
जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर मूर्तिकला की इस विरासत को याद करना उन अनगिनत कलाकारों और कारीगरों के योगदान को सम्मान देना है, जिनके नाम भले ही इतिहास के पन्नों में दर्ज न हों, लेकिन जिनकी छैनी-हथौड़ी की साधना ने शहर को विशिष्ट पहचान दी है। जब किसी मंदिर में श्रद्धालु देव प्रतिमा के सामने सिर झुकाता है, तब अनजाने में उसकी श्रद्धा उस शिल्पकार की तपस्या तक भी पहुंचती है, जिसने पत्थर को ऐसा स्वरूप दिया।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts