Gau-Seva: बीमार और घायल गोवंश को अब मिलेगी त्वरित उपचार सुविधा

गोपाष्टमी पर शुरू हुई विशेष एम्बुलेंस सेवा, 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में मौके पर पहुंचेगी टीम

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को बीमार एवं घायल गोवंश की सेवा के लिए एक सराहनीय पहल की गई। श्री कृष्ण गोसेवा सुंदरकांड मंडल की ओर से संचालित बीमार एवं घायल गोवंश को समर्पित संस्था श्री कृष्ण गोसेवा आश्रम को एम्बुलेंस उपलब्ध करवाई गई। एम्बुलेंस को गोसेवा के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही शहर एवं आसपास के क्षेत्र में बीमार और घायल गोवंश को त्वरित उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

यह एम्बुलेंस श्री कृष्ण गोसेवा सुंदरकांड मंडल की ओर से सुंदरकांड पाठ के दौरान एकत्रित होने वाली राशि से खरीदी गई है। एम्बुलेंस की खरीद में बालाजी सेवा दल सुंदरकांड मंडल की ओर से भी बड़ा सहयोग दिया गया है। इसके माध्यम से आश्रम की ओर से 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में घायल एवं बीमार गोवंश को उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंचेगी और जरूरत के अनुसार वहीं उपचार किया जाएगा। यदि गोवंश को बेहतर उपचार के लिए गोशाला लाने की आवश्यकता होगी तो उसे एम्बुलेंस से आश्रम पहुंचाया जाएगा।

श्री कृष्ण गोसेवा सुंदरकांड मंडल के सुरेन्द्र यादव ने बताया कि शहर में कहीं भी बीमार या घायल गोमाता अथवा नंदी मिलने पर टोल फ्री नंबर के माध्यम से सूचना दी जा सकती है। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंचेगी। श्री कृष्ण गोसेवा आश्रम में पशु चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध है, जिससे बीमार एवं घायल गोवंश का उचित उपचार किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि आश्रम का संचालन पिछले करीब तीन-चार वर्षांे से किया जा रहा है। इससे पहले भी मंडल की ओर से कई गोशालाओं का संचालन किया जा चुका है।

सुंदरकांड पाठ के दौरान प्राप्त होने वाली राशि गोसेवा के कार्यांे में लगाई जाती है। वर्तमान में आश्रम की गोशाला में करीब 300 गोवंश हैं, जिनमें नंदियों की संख्या अधिक है। इनमें अधिकांश गोवंश बीमार अथवा घायल अवस्था में आश्रम में लाए गए हैं। एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से अब ऐसे गोवंश को समय पर उपचार उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts