शिक्षा और रोजगार
CDLU Latest News: हरियाणा उत्सव में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज का जलवा
दो प्रतियोगिताओं में हासिल किया पहला स्थान
Haryana Utsav 2026: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद में 12 से 14 नवंबर तक आयोजित हरियाणा उत्सव 2026 में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सरसा का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हरियाणवी इंस्ट्रूमेंटल प्रतियोगिता में बीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थी साहिल इन्सां ने प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं हरियाणवी फोक कॉस्ट्यूम (मेल) प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी दामोदर ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि से महाविद्यालय के साथ-साथ विश्वविद्यालय का नाम भी रोशन हुआ। उत्सव में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक टीम का नेतृत्व सहायक युवा कल्याण निदेशक डॉ. राजेश छिकारा ने किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कला, संस्कृति और प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजय कुमार, कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. सुरेंद्र कुंडू, युवा कल्याण निदेशक डॉ. मंजू नेहरा और सहायक युवा कल्याण निदेशक डॉ. राजेश छिकारा ने विजेता विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन को बधाई दी। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. दिलावर सिंह इन्सां, कल्चरल कोआॅर्डिनेटर अनिल रोहिल्ला, डांस डायरेक्टर तिलक सहित महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यार्थियों ने सफलता का श्रेय पूज्य गुरुजी के मार्गदर्शन को दिया
विजेता विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन को दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि प्रतियोगिताओं में मिली सफलता ने उन्हें आगे भी अपनी प्रतिभा को निखारने और हरियाणवी कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है।
Comments