शव के लिए नहीं मिली एंबुलेंस, कूड़ा उठाने वाली गाड़ी का लेना पड़ा सहारा

शव के लिए नहीं मिली एंबुलेंस, कूड़ा उठाने वाली गाड़ी का लेना पड़ा सहारा

Published On

फरीदाबाद, सच कहूँ न्यूज। Faridabad News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। 19 वर्षीय अंजलि की मौत के बाद उसका शव अस्पताल से बीके अस्पताल ले जाने के लिए परिजनों को एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूरन उन्हें नगर निगम में पहले कूड़ा उठाने के काम में इस्तेमाल हो चुकी गाड़ी से शव ले जाना पड़ा। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ के नवादा गांव निवासी राजकुमार 11 नवम्बर को अपनी पत्नी अर्चना (40) और बेटी अंजलि (19) के साथ भाईदूज पर अलीगढ़ के टप्पल स्थित ससुराल गए थे। शनिवार को लौटते समय दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-2 कट के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में अर्चना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंजलि ने बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। राजकुमार का उपचार जारी है। अंजलि के चाचा जीतू ने आरोप लगाया कि शव को बीके अस्पताल पहुंचाने के लिए अस्पताल कर्मचारियों से वाहन मांगा, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। वहीं, अस्पताल के एसएमओ ने बताया कि उनके पास एक एंबुलेंस है, लेकिन उसका इस्तेमाल शव ले जाने के लिए नहीं होता।  पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही गाड़ी परिवार की निजी गाड़ी है, जिसका पहले नगर निगम में कूड़ा उठाने के लिए इस्तेमाल होता था। पुलिस ने शव को इस गाड़ी में नहीं भिजवाया था। उधर, स्वास्थ्य विभाग की ट्रांसपोर्ट इंचार्ज डॉ. रचना ने बताया कि रेडक्रॉस की ओर से शव वाहन उपलब्ध कराया गया है, जिसके लिए निर्धारित नंबर पर संपर्क करना होता है। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए जांच की जरूरत जताई।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts