मुख्यमंत्री आगमन पर होगा भव्य कार्यक्रम, विशाल पंडाल के साथ भव्य स्टेज होगी तैयार - महाबीर प्रसाद
रंगीन लाइटों से जगमग होंगे यमुना नहर के घाकार्यक्रमट, सौंदर्यीकरण के साथ होगी सुरक्षा व्यवस्था
प्रताप नगर, सच कहूँ/राजेंद्र कुमार। Pratap Nagar News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 15 नवंबर की शाम छठ पर्व के अवसर पर पश्चिमी यमुना नहर के यमुना घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बाड़ी माजरा पुल के पास भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में वीरवार को नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने नगर निगम, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन और छठ पूजा कार्यक्रम को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं और अतिथियों के बैठने के लिए विशाल पंडाल तैयार करने तथा भव्य स्टेज बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा पश्चिमी यमुना नहर के घाटों को रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक लड़ियों से सजाकर सुंदर बनाने को कहा, ताकि पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगाता नजर आए। निगम आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए नहर के किनारों पर उचित बैरिकेडिंग करने और आवश्यक सुरक्षा उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़े का समय पर उठान सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। महाबीर प्रसाद ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी तालमेल से काम करने और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम से पहले सभी तैयारियां पूरी होनी चाहिए, ताकि छठ पर्व पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और मुख्यमंत्री का कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। मौके पर कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, मनदेव कुमार, सहायक अभियंता मृणाल जायसवाल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता विजय गर्ग, कनिष्ठ अभियंता सिमरणजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
Comments