शिक्षा और रोजगार
Bribe: भिवानी में एक लाख रिश्वत लेते अधिकारी गिरफ्तार
राशन डिपो का लाइसेंस जारी करने के बदले मांगे थे डेढ़ लाख
भिवानी, सच कहूँ/इन्द्रवेश। Bhiwani News: एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने भिवानी में सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी (एएफएसओ ) मुकेश कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला के नाम राशन डिपो का लाइसेंस जारी करवाने के बदले डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप है। शिकायत के आधार पर एसीबी ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि सुमन पत्नी कृष्ण ने राशन डिपो का लाइसेंस बनवाने के लिए उसे अधिकृत किया था। इस काम के बदले एएफएसओ मुकेश कुमार ने डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी।
आरोप है कि आरोपी पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था। बाकी रकम में से एक लाख रुपये लेते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शेष 30 हजार रुपये काम पूरा होने के बाद देने की बात तय हुई थी। भिवानी विजिलेंस एवं एसीबी इंचार्ज जगजीत सिंह ने बताया कि टीम ने शिकायत के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और आरोपी को एक लाख रुपये लेते हुए पकड़ लिया। इस मामले में थाना एसीबी हिसार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
Comments