शिक्षा और रोजगार
फर्जी विजिलेंस अधिकारी बनकर अस्पताल पहुंचा शख्स, CMO को दी नौकरी से हटवाने की धमकी; पुलिस ने पकड़ा
अधिकारियों और कर्मचारियों पर झाड़ने लगा रौब, शक होने पर पुलिस बुलाई
फरीदाबाद, सच कहूँ न्यूज। Faridabad News: बीके अस्पताल में खुद को विजिलेंस अधिकारी बताकर पहुंचे एक व्यक्ति ने सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा को नौकरी से हटवाने की धमकी दी। आरोपी ने कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों पर रौब झाड़ने की कोशिश की। उसकी बातों पर शक होने पर सीएमओ ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस बुला ली। पुलिस आरोपी को पकड़कर एनआईटी नंबर-3 चौकी ले गई। शुरूआती जांच में उसकी पहचान फर्जी अधिकारी के रूप में हुई है।
सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा के अनुसार, आरोपी बुधवार को उनके कार्यालय पहुंचा और खुद को विजिलेंस अधिकारी बताने लगा। उसने स्टाफ पर दबाव बनाने के साथ सीएमओ को नौकरी से हटवाने की धमकी भी दी। उसके बातचीत करने के तरीके से सीएमओ को शक हुआ कि वह अधिकारी होने का झूठा रौब दिखाकर पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
डीजल घोटाले की जांच का उठाना चाहता था फायदा
बीके अस्पताल में करीब 50 लाख रुपये के कथित डीजल घोटाले की जांच चल रही है। सीएमओ ने बताया कि इस मामले की जांच मुख्यालय की टीम कर रही है। आशंका है कि आरोपी इसी जांच का फायदा उठाकर अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव बनाने पहुंचा था। एनआईटी नंबर-3 चौकी इंचार्ज मनोज के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजपाल के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने उसे पैसे नहीं दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Comments