शिक्षा और रोजगार
पुलिस की पहल से 50 साल पुराने जमीन विवाद का हुआ समाधान
चौकी कुलां में दोनों पक्षों को बैठाकर कराई बातचीत, आपसी सहमति से खत्म हुआ वर्षों पुराना विवाद
टोहाना, सच कहूँ न्यूज। Tohana News: पुश्तैनी जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहा करीब पांच दशक पुराना विवाद आखिरकार बातचीत और आपसी समझदारी से सुलझ गया। पुलिस चौकी कुलां ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता करते हुए न केवल विवाद का शांतिपूर्ण समाधान करवाया, बल्कि आपसी भाईचारे और सद्भाव की मिसाल भी पेश की। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के मार्गदर्शन में की गई इस पहल में चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक कश्मीर सिंह ने अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर करीब 50 वर्षों से विवाद चला आ रहा था। लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद के कारण दोनों पक्षों के बीच आपसी मतभेद बने हुए थे। मामले को सकारात्मक तरीके से सुलझाने के लिए पुलिस चौकी कुलां की ओर से दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और उन्हें आपसी सम्मान, संयम तथा समझदारी से समाधान निकालने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस की मध्यस्थता और दोनों पक्षों की सहमति से वर्षों पुराना विवाद शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। इस पहल से दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी और लंबे समय से चला आ रहा विवाद खत्म होने का रास्ता साफ हुआ।
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के मार्गदर्शन में फतेहाबाद पुलिस की ओर से अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि कई बार आपसी बातचीत, धैर्य और सकारात्मक सोच से ऐसे विवादों का समाधान संभव है, जो वर्षों से चले आ रहे होते हैं।
पुलिस चौकी कुलां की इस पहल को सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम माना जा रहा है।
Comments