Road Safety News: अब सिरसा में सड़क हादसों में लगेंगी लगाम, हादसों वाले स्थानों पर इंतजाम होेंगे मजबूत
एडीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, ओटू वियर के पास लगेंगे रिफ्लेक्टर
सरसा, (सच कहूँ/पवन कुमार)। जिले में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की तैयारी की है। सड़कों पर अवैध कट बंद होंगे, जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर बनेंगे और हादसों वाले स्थानों पर रिफ्लेक्टर व संकेतक लगाए जाएंगे।अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने वीरवार को सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक में संबंधित विभागों को समय रहते ये काम पूरे करने के निर्देश दिए। एडीसी ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने अधीन आने वाली सड़कों का सर्वे करे और जहां सुरक्षा संबंधी खामियां मिलें, उन्हें प्राथमिकता से दूर करे। शहरी क्षेत्रों में पैदल राहगीरों की सुरक्षा के लिए फुटपाथ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों की सभी स्ट्रीट लाइटें रात के समय चालू रखने के निर्देश दिए।
डीएफओ सतीश कुमार, डीईओ सुभाष कुमार फुटेला, टीएम रोडवेज सुधीर कुमार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता कमलदीप सिंह राणा, उप सिविल सर्जन डॉ. संदीप सिंह, मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन तरुण सिहाग और ट्रैफिक थाना प्रभारी शमशेर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पुलों की कम चौड़ाई पर लगेंगे चेतावनी संकेतक
ओटू वियर के पास रिफ्लेक्टर लगाने और अन्य यातायात सुरक्षा प्रबंध तत्काल दुरुस्त करने को कहा। नहरी विभाग के जिन पुलों की चौड़ाई कम है, वहां वाहन चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए संकेतक लगाए जाएंगे। एडीसी ने कहा कि सड़क हादसों का पूरा रिकॉर्ड संबंधित पोर्टल पर दर्ज किया जाए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचने वाले पुलिस के 112 वाहनों की रिपोर्ट भी अपडेट हो, ताकि दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी कदम उठाए जा सकें। बैठक में एसडीएम डबवाली योगेश दिलहोर और एसडीएम ऐलनाबाद अदिति सिंघानिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।
Comments