Valmiki Jayanti: जयकारों से गूंजे नरवाना के बाजार, धूमधाम से निकली महर्षि वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा

पंजाबी चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा

Published On

नरवाना, सच कहूँ/राहुल। Narwana News: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सोमवार शाम नरवाना में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। भगवान वाल्मीकि जी के जयकारों के बीच शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पंजाबी चौक से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और चौकों से होती हुई बाबा कुंडी पहुंची, जहां श्रद्धालुओं का स्वागत कर लड्डू और चाय का प्रसाद वितरित किया गया। शोभायात्रा की शुरुआत वाल्मीकि मोहल्ले के पंजाबी चौक से हुई। इसके बाद यात्रा भगत सिंह चौक, सुभाष चंद्र बोस चौक, हुड्डा मार्केट और अग्रसेन चौक से होते हुए ओल्ड कोर्ट रोड स्थित बाबा कुंडी पहुंची।

यहां श्रद्धालुओं ने भगवान वाल्मीकि जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इसके बाद यात्रा वापस वाल्मीकि मोहल्ले में पहुंचकर संपन्न हुई। बाबा कुंडी पर श्री रामा भारतीय कला केंद्र की रामलीला में हनुमान का किरदार निभाने वाले मनजीत गोरा ने सहयोगियों के साथ प्रसाद वितरण की व्यवस्था में पहल की। केंद्र और अन्य सहयोगियों के सहयोग से स्टॉल लगाकर संगत व राहगीरों को लड्डू और चाय का प्रसाद बांटा गया। इस दौरान नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन भगवान दास गर्ग और श्री रामा भारतीय कला केंद्र के प्रधान भारत भूषण गर्ग भी मौजूद रहे।

भगवान दास गर्ग ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन भगवान दास गर्ग ने बाबा कुंडी पर भगवान वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं मानवता, सदाचार और भाईचारे का संदेश देती हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सद्भाव और एकता को मजबूत किया जा सकता है।

भारत भूषण गर्ग ने दी जयंती की शुभकामनाएं

श्री रामा भारतीय कला केंद्र के प्रधान एवं पूर्व चेयरमैन भारत भूषण गर्ग ने समाज के लोगों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की रचनाएं भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी शिक्षाएं समाज को सत्य, नैतिकता और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts