Sirsa Dussehra: 80 फीट मुंछों वाले रावण का दहन कर धूमधम से मनाया गया बुराई पर अच्छाई का प्रतीक दशहरा

सरसा में तीन जगह हुआ रावण, कुंभकरण और मेघनाद का दहन

Published On

सरसा(सच कहूँ/पवन कुमार)। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व सरसा में धूमधाम से मनाया गया। शहर में तीन स्थानों पर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। पुतलों में आग लगते ही आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और दशहरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठे। रंग-बिरंगी चिंगारियों और पुतलों से निकलती आतिशबाजी ने लोगों का ध्यान खींचा। इससे पहले शहर में विभिन्न क्लबों की ओर से शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनका जगह-जगह स्वागत किया गया।

 

Ravan dehan VISHNU CLUB
धूं-धूं कर जलते हुए रावण के पुतले।

 

किसान चौक के पास रावण-कुंभकरण के पुतले जले

श्रीरामा क्लब की ओर से किसान चौक के पास सावन पब्लिक स्कूल के सामने दशहरा उत्सव आयोजित किया गया। यहां शाम करीब छह बजे 70 फीट ऊंचे रावण और 65 फीट ऊंचे कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। पुतलों में आग लगते ही आतिशबाजी शुरू हो गई और चारों ओर रंग-बिरंगी चिंगारियां दिखाई देने लगीं। कार्यक्रम में विधायक गोकुल सेतिया मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

सीडीएलयू के सामने जला 80 फीट लंबी मूंछों वाला रावण

श्री विष्णु क्लब की ओर से सीडीएलयू के सामने दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शाम करीब सात बजे रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। यहां 70 फीट ऊंचे रावण की 80 फीट लंबी मूंछें आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा 65 फीट ऊंचे कुंभकरण और 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतले भी जलाए गए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गोपाल कांडा मुख्य अतिथि रहे और उन्होंने रावण के पुतले का दहन किया। आग लगते ही रावण के मुंह से लपटें निकलती दिखाई दीं, जिसे देखने के लिए लोग उत्साहित नजर आए।

एमडीके स्कूल के पास सियाराम ट्रस्ट ने मनाया दशहरा पर्व 

रानियां रोड स्थित एमडीके स्कूल के पास सियाराम चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दशहरा उत्सव मनाया गया। यहां 70 फीट ऊंचे रावण और 60-60 फीट ऊंचे कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। देर शाम पुतला दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी मैदान में पहुंचे।

शोभायात्राओं में उमड़े लोग, पुष्प वर्षा से स्वागत

रावण दहन से पहले विभिन्न क्लबों की ओर से शहर में शोभायात्राएं निकाली गईं। श्री विष्णु क्लब की शोभायात्रा को विधायक गोकुल सेतिया और हरियाणा गद्दीपति संजू महंत ने ध्वज दिखाकर रवाना किया। रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। सुखदुआ समाज ने भी आयोजन में भाग लिया। इस अवसर पर विधायक गोकुल सेतिया और संजू महंत ने लोगों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होने और अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त करने का आह्वान किया। श्री विष्णु क्लब के प्रधान दीपक सेठी और पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में भाईचारा, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना क्लब का उद्देश्य है। इस मौके पर प्रेम शर्मा, आकाश साहनी, सुमित कथूरिया, हैरी हमराज और सुभाष मेहरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts