Hanumangarh Road Accident: लकड़ी से भरे अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

पत्नी के साथ ईंट भट्ठे पर जा रहा था, हादसे के बाद चालक फरार

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। गुरुसर के पास 9 एसएसडब्ल्यू सड़क मार्ग पर लकड़ी से भरे अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय युवक अपनी पत्नी के साथ मोटर साइकिल पर ईंट भट्ठे पर जा रहा था। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। मृतक के चाचा की रिपोर्ट पर टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, राजेश कुमार (33) पुत्र दौलतराम भाट निवासी वार्ड नंबर 14, दो केएनजे आबादी, मक्कासर, जंक्शन ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा सूरज (30) पुत्र धनराज 9 एसएसडब्ल्यू, गुरुसर स्थित अमृत ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। 19 अक्टूबर को शाम करीब 6.30 बजे सूरज अपनी पत्नी पूजा के साथ मोटर साइकिल नंबर एचआर 10 जी 1266 पर 9 एसएसडब्ल्यू सड़क मार्ग से ईंट भट्ठे पर जा रहा था। गुरुसर से करीब आधा किलोमीटर आगे सामने से तेज गति और लापरवाही से लकड़ी से भरा ट्रैक्टर लेकर आ रहे अज्ञात चालक ने सूरज की मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई।

परिवादी ने पुलिस से 9 एसएसडब्ल्यू सड़क मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी चालक का पता लगाने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल विजय कुमार को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts