Hanumangarh Crime News: 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला से मारपीट, अंगुली की हड्डी टूटी
पेंशन के 5 हजार रुपए और सोने की ताबीज ले जाने का आरोप
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। भिरानी थाना क्षेत्र के छानीबड़ी गांव में 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर घायल करने और घर से नकदी व सोने की ताबीज ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने दो पड़ोसियों पर लाठी-डंडों से हमला करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। भिरानी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, परिवादिया रामेश्वरी (84) पत्नी जागरराम जाट निवासी छानीबड़ी ने रिपोर्ट दी कि 15 अक्टूबर को सुबह करीब 8.30 बजे वह अपनी पोती पूजा के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान पड़ोसी शकुन्तला पत्नी भरत सिंह और जयसिंह पुत्र भरत सिंह लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
परिवादिया के अनुसार, मारपीट में उसके हाथ की अंगुली की हड्डी टूट गई तथा कमर में गंभीर चोटें आईं। दोनों व्यक्ति घर में रखे पेंशन के 5 हजार रुपए और उसके गले से सोने की ताबीज निकालकर ले गए। इसके बाद जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों से छुड़ाया। पुलिस ने शकुन्तला और जयसिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है।