जंक्शन में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर

जयपुर में जिंदगी-मौत से जूझ रहा, पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन में बाइपास रोड पर मीणा आदिवासी समाज की धर्मशाला के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटर साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल युवक को पहले हनुमानगढ़, फिर सूरतगढ़ और बाद में जयपुर ले जाया गया, जहां वह उपचाराधीन है। उसकी रीढ़ की हड्डी और पसलियां फ्रैक्चर हो गईं, जबकि सिर में भी गहरी चोट लगी है।

इस संबंध में घायल युवक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर जंक्शन पुलिस थाना में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, इमीचन्द (56) पुत्र नन्दराम सुथार निवासी 23 पीबीएन, प्रेमपुरा तहसील पीलीबंगा ने रिपोर्ट दी कि उसका 35 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार 19 अक्टूबर को मोटर साइकिल नंबर आरजे 31 एसयू 5797 पर प्रेमपुरा से चौटाला जाने के लिए रवाना हुआ था। शाम करीब सात बजे जब वह जंक्शन में बाइपास रोड पर मीणा आदिवासी समाज की धर्मशाला के सामने पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।

राहगीरों ने घायल मुकेश कुमार को टाउन के राजकीय चिकित्सालय स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीकानेर रेफर कर दिया गया। रास्ते में सूरतगढ़ पहुंचने पर उसकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अपेक्स हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां जांच में रीढ़ की हड्डी और पसलियों में फ्रैक्चर तथा सिर में गहरी चोट का पता चला। इसके बाद परिजन उसे जयपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। परिवादी की रिपोर्ट पर जंक्शन पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तेजी और लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक गायत्री चौधरी को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts