Nohar Death Case: नोहर के युवक की मौत के मामले में मां ने बहू पर लगाए ये गंभीर आरोप
नशा देने, धमकाने और प्रताड़ित करने के लगाए आरोप, पत्नी पर खुदकुशी के लिए मजबूर करने का आरोप
Rajasthan Crime News: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। नोहर में एक युवक की जहर सेवन से हुई मौत के मामले में उसकी मां ने बहू और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवादिया का आरोप है कि उसके बेटे को नशे का आदी बनाकर प्रताड़ित किया गया और उसे जहर देकर मार दिया गया या जहर पीने के लिए मजबूर किया गया। नोहर थाना पुलिस ने मां गुलजारा बानो की रिपोर्ट पर मृतक की पत्नी नाजमीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में मोमिनपुरा धक्का बस्ती, वार्ड नंबर 37, नोहर निवासी गुलजारा बानो (55) पत्नी सलामुद्दीन ने बताया कि उनके बेटे तैयब का निकाह वर्ष 2021 में बीकानेर के लालगढ़ रामपुरा बस्ती निवासी नाजमीन के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही नाजमीन तैयब को परेशान करने लगी। वर्ष 2025 में उसने रुपए लेकर तलाकनामा तैयार करवाया और नोटरी से तस्दीक करवाने के बाद बीकानेर चली गई। कुछ समय बाद वह वापस नोहर आ गई और तैयब के साथ रहने लगी। जब परिवार ने तलाक होने के बावजूद वापस आने पर सवाल किया तो उसने खर्चा देने की मांग की। रुपए देने से इनकार करने पर तैयब को धमकाया।
गुलजारा बानो ने आरोप लगाया कि नाजमीन ने पहले भी तैयब को नशा देकर उसके साथ रेलवे पटरी पर लेटकर वीडियो बनाया था। उस वीडियो में तैयब से उसकी बेटी और दामाद के नाम लेकर उनकी मौत का जिम्मेदार होने संबंधी बातें कहलवाई गई थीं। यह वीडियो इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप पर प्रसारित किया गया। नाजमीन ने पहले भी तैयब को नशे की हालत में रखकर परिवार के अन्य सदस्यों को आत्महत्या करने की धमकियां दिलवाई थीं। नाजमीन और उसके संपर्क में रहने वाले कुछ लोग तैयब को नशा उपलब्ध करवाते थे। कुछ लोग उसके बेटे पर मकान नाजमीन के नाम करवाने और वहां से चले जाने का दबाव बनाते थे। विरोध करने पर उसे धमकियां दी जाती थीं।
मौत से दो दिन पहले मां से जताई थी परेशानी
गुलजारा बानो ने बताया कि तैयब ने अपनी मौत से दो दिन पहले उनसे कहा था कि वह नाजमीन और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से परेशान है। उसने मां से इन लोगों से पीछा छुड़ाने की गुहार लगाते हुए आशंका जताई थी कि वे उसे जान से मार सकते हैं। तैयब ने यह भी बताया था कि उसे नशे में रखा जाता है और कुछ लोग लगातार उसके आसपास रहते हैं तथा फोन पर धमकियां देते हैं।
परिवादिया के अनुसार, उन्होंने बेटे को चिंता नहीं करने और अपनी तबीयत ठीक होने के बाद परिवार के सदस्यों व अन्य लोगों के साथ मिलकर मामला समझाने का भरोसा दिलाया था। हालांकि, इससे पहले ही तैयब की जहर सेवन से मौत हो गई। मां ने नाजमीन और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों पर बेटे को जहर देने या उसे जहर पीने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया।
परिवादिया ने पुलिस से नाजमीन और अन्य संदिग्ध लोगों की कॉल डिटेल निकलवाकर पूरे मामले की जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। मामले की जांच थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद कर रहे हैं।