चार डंपिंग प्वाइंट बंद होने से सिरसा के लोगों को मिलगी कूड़े-कचरे से राहत
शहर से प्रतिदिन बकरियांवाली प्लांट में भेजा जाएगा 225 से 250 मीट्रिक टन कचरा
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। शहर की प्रमुख सड़कों पर कूड़े के ढेर और दुर्गंध से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर परिषद ने शहर के चार प्रमुख डंपिंग प्वाइंट बंद करने की तैयारी की है। इनकी जगह अब शहर से बाहर नटार रोड पर कूड़ा एकत्रित किया जाएगा। इसके लिए करीब पौने एकड़ जमीन की व्यवस्था की गई है, जिसके चारों ओर चारदीवारी भी बनी हुई है। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां अब यहां कचरा डालेंगी। इसके बाद इसे बकरियांवाली स्थित कचरा निस्तारण प्लांट में पहुंचाया जाएगा। इस व्यवस्था से शहर की मुख्य सड़कों पर गंदगी फैलने की समस्या कम होने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
मुख्य सड़कों पर कूड़े के ढेर से होती थी परेशानी
शहर में मुख्य बस स्टैंड के पास, डबवाली रोड पर सरसा क्लब के सामने, मुख्य डाकघर के पास और गौशाला मोहल्ले में डंपिंग प्वाइंट बने हुए हैं। इन स्थानों पर कूड़ा जमा होने से आसपास के लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के साथ आवारा पशुओं के कारण भी समस्या बढ़ जाती है। पशु कचरे को सड़कों पर बिखेर देते हैं, जिससे आसपास गंदगी फैलती है। शहर की प्रमुख सड़कों पर बने इन डंपिंग प्वाइंटों को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं।
दिशा की बैठक में भी उठी थी मांग
शहर के इन डंपिंग प्वाइंटों को हटाने की मांग कई बार उठ चुकी है। सांसद कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में आयोजित दिशा की बैठकों में भी यह मुद्दा उठाया गया था। शहरवासियों ने बैठक में कूड़े के ढेरों की तस्वीरें दिखाकर समस्या से अवगत कराया था। लोगों की मांग थी कि मुख्य सड़कों से डंपिंग प्वाइंट हटाकर कचरे के संग्रहण की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। अब नगर परिषद ने नटार रोड पर जगह की व्यवस्था कर इस दिशा में कदम बढ़ाया है।
शहर से रोजाना निकलता है 225 से 250 मीट्रिक टन कचरा
सरसा शहर में प्रतिदिन करीब 225 से 250 मीट्रिक टन कचरा निकलता है। इतनी बड़ी मात्रा में कूड़े का संग्रहण और निस्तारण करना नगर परिषद के लिए अहम जिम्मेदारी है। नई व्यवस्था के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नटार रोड पर कचरा डालेंगी और वहां से इसे बकरियांवाली स्थित कचरा निस्तारण प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। चारों डंपिंग प्वाइंट बंद होने से मुख्य मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी कम होने की उम्मीद है।
शहर के चारों डंपिंग प्वाइंटों पर अब कूड़ा नहीं डाला जाएगा। इसके लिए नटार रोड पर जगह की व्यवस्था कर ली गई है। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां अब कचरा इसी जगह पर डालेंगी, जहां से इसे बकरियांवाली स्थित कचरा निस्तारण प्लांट में भेजा जाएगा। - जयवीर सिंह, नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक