रानियां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक से पकड़ी 15,975 नशीली गोलियां

एंटी नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई, गश्त के दौरान शक होने पर युवक को रोका

Published On

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। रानियां चुंगी क्षेत्र में पुलिस की गाड़ी देखकर एक युवक घबराकर खिसकने लगा। पुलिस टीम को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी तो उसे रोककर पूछताछ की गई। युवक के हाथ में पकड़े गत्ते के बॉक्स की जांच करवाई गई तो उसमें से 15,975 नशीली गोलियां बरामद हुईं। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने आरोपी को पकड़कर बरामद गोलियों सहित ड्रग्स इंस्पेक्टर के हवाले कर दिया।

एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर महावीर सिंह के अनुसार पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान रानियां चुंगी स्थित पेट्रोल पंप वाली गली की तरफ जा रही थी। इसी दौरान हाथ में गत्ते का बॉक्स लेकर आ रहा एक युवक पुलिस की गाड़ी देखकर वहां से खिसकने का प्रयास करने लगा। उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा

पुलिस ने मामले की जानकारी ड्रग्स इंस्पेक्टर सुनील कुमार को दी। उनकी मौजूदगी में गत्ते के बॉक्स की तलाशी ली गई तो उसमें से 15,975 नशीली गोलियां बरामद हुईं। आरोपी की पहचान पंकज पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी रानियां रोड, सरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी और बरामद दवाओं को ड्रग्स इंस्पेक्टर के सुपुर्द कर दिया। अब गोलियों की जांच और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

About The Author

Related Posts