शिक्षा और रोजगार
गुरुग्राम नागरिक अस्पताल का ड्राइंग पूरा, जल्द शुरू होगा निर्माण: आरती सिंह राव
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने 22 करोड़ की लागत के तीन विकास कार्यों का किया शिलान्यास
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि गुरुग्राम नागरिक अस्पताल का ड्राइंग कार्य पूरा हो चुका है, जल्द ही सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के तहत धरातल पर कार्य का शुभारम्भ किया जाएगा। गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है। भविष्य में इसकी आबादी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतें और बढ़ेंगी। ऐसे में हमारी प्राथमिकता है कि शहर के बढ़ते विस्तार और लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को गुरुग्राम के वार्ड-15 में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास समारोह में बोल रही थी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हम राजनीति अपने लिए नहीं, बल्कि जनता के हितों और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए करते हैं। हमारा उद्देश्य जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना, उनकी जरूरतों को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। आरती सिंह राव ने नगर निगम गुरुग्राम के वार्ड 15 में 22 करोड़ की लागत के तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें सेक्टर-66 में सडकों के निर्माण, फुटपाथ एवं साइकिल ट्रैक विकसित करने तथा सीवरेज पाइपलाइन बिछाने, मैदावास गांव में सम्राट मिहिर भोज चौक से गांव कादरपुर रोड (डीएलएफ 30एम रोड) तक सडक का आरएमसी एम-40 द्वारा पुनर्वास, सीवरेज लाइन, बरसाती नाला एवं फुटपाथ के निर्माण कार्य तथा साउथ सिटी-2 में मौजूदा सडकों का बीएम एवं बीसी तकनीक से पुनर्वास कार्य शामिल है।
आरती सिंह राव ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि हम जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु बनें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव, डिप्टी मेयर अनूप भांभू, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य प्रोफेसर हंसराज, गुरुग्राम की पूर्व मेयर मधु आजाद, गुरुग्राम नगर निगम वार्ड-15 की पार्षद भारती हरसाना, वार्ड-19 से पार्षद अमित भड़ाना, अनिल यादव, मनीष हरसाना तथा विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी मौजूद रहे।