शिक्षा और रोजगार
Ritu Sheoran News: एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर लौटी रीतू का दादरी में भव्य स्वागत
हरियाणा की खेल नीति बनी देश के लिए मिसाल, पदकवीरों पर हो रही धनवर्षा: मंत्री कृष्णलाल पंवार
Ritu Sheoran News: भिवानी/चरखी दादरी, (सच कहूँ न्यूज)। एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली ऑलराउंडर व गांव बिलावल की बहू रीतू श्योराण का गृह क्षेत्र में ऐतिहासिक स्वागत हुआ। समारोह में कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार और रीतू श्योराण को पगड़ी व नोटों की मालाओं से सम्मानित किया गया। वहीं दादरी जिला के कबड्डी खिलाड़ी सुमित सांगवान को भी सम्मानित किया। मंत्री पंवार ने खेल नीतियों की सराहना करते हुए पदक लाओ, पद पाओ को देश का सर्वश्रेष्ठ मॉडल बताया। कार्यक्रम में भारतीय महिला व पुरुष टीमों के खिलाड़ियों सहित अर्जुन अवार्डी व द्रोणाचार्य अवार्डी भी मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहराने में हरियाणा का बड़ा योगदान है। जापान में आयोजित प्रतियोगिता में महिला टीम की 12 में से 6 बेटियां और पुरुष वर्ग के 12 में से 8 खिलाड़ी हरियाणा से थे। महिला टीम ने लगातार पांचवीं बार खिताब जीतकर इतिहास रचा।
मंत्री पंवार ने बताया कि सरकार एशियन गेम्स गोल्ड विजेताओं को 3 करोड़ दे रही है। वहीं ओलंपिक स्वर्ण पर 7 करोड़, रजत पर 4 करोड़, कांस्य पर 2.5 करोड़ और क्लास-1 नौकरी का प्रावधान है। गांवों में प्रतिभाओं को निखारने के लिए 2,000 से अधिक खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं। उन्होंने दादरी के पहलवान सुजीत कलकल को भी स्वर्ण पदक के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
गोल्ड मेडलिस्ट रीतू श्योराण ने सफलता का श्रेय माता-पिता, कोच और एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन को दिया। उन्होंने कहा कि कोच व फेडरेशन की रणनीति पर अमल करने से यह मुकाम मिला। कबड्डी को कॉमनवेल्थ व ओलंपिक में शामिल कराने के प्रयास जारी हैं और आगामी 2030 के बड़े आयोजनों में स्वर्ण जीतना मुख्य लक्ष्य है। रीतू ने बेटियों को संदेश दिया कि खेल या पढ़ाई, जो भी क्षेत्र चुनें, उसमें 100 प्रतिशत समर्पण दें।