शिक्षा और रोजगार
Sirsa NCC Camp: कैडेट्स की मेहनत, अनुशासन व टीम भावना ने किया स्कूल को गौरवान्वित: डॉ. शीला पुनिया
शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की बेटियों ने एनसीसी कैंप में दिखाया दम, जीते 26 गोल्ड सहित 27 मेडल
Sirsa NCC Camp: सरसा (सच कहूँ/सुशील कुमार)। शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सरसा की एनसीसी कैडेट्स ने हिसार में आयोजित सीएटीसी एनसीसी आर्मी विंग कैंप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया। एचपीएस चौधरीवास, हिसार में 21 से 30 सितंबर तक आयोजित कैंप में कैडेट्स ने विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और सैन्य अभ्यासों में हिस्सा लिया। अनुशासन, टीमवर्क और मेहनत के दम पर कैडेट्स ने कुल 26 स्वर्ण पदक, एक रजत पदक और एक विजेता ट्रॉफी हासिल की। टग ऑफ वॉर प्रतियोगिता में टीम ने 10 स्वर्ण पदक के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल में भी कैडेट्स ने 6 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया।
वहीं जीके क्विज में एक रजत पदक के साथ टीम दूसरे स्थान पर रही। ड्रिल प्रतियोगिता में कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए10 स्वर्ण पदक के साथ प्रथम स्थान हासिल किया और ड्रिल विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। कैडेट्स ने कैंप के दौरान विभिन्न सैन्य प्रशिक्षण गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैंप का आयोजन 3 हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी, हिसार के सीओ कर्नल सतीश मिश्रा के मार्गदर्शन में हुआ।
एसएम सीताराम ने कैंप का संचालन किया, जबकि एएनओ सुमित्रा देवी ने कैडेट्स को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया। स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्या डॉ. शीला पुनिया इन्सां ने विजेता कैडेट्स को बधाई देते हुए उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि कैडेट्स की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना ने स्कूल को गौरवान्वित किया है।